Gadkari’s Stinging Statement : गडकरी ने कहा ‘सरकार समय पर फैसले नहीं लेती!’ 

अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित केंद्रीय मंत्री का ये बयान भी सरकार को चुभेगा 

881

Gadkari’s Stinging Statement : गडकरी ने कहा ‘सरकार समय पर फैसले नहीं लेती!’ 

New Delhi : इन दिनों परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मंत्री नितिन गडकरी खासी चर्चा में है। कभी अपने बेबाक बयानों को लेकर तो कभी उन्हें लेकर जो पार्टी ने उनके लिए हैं। पिछले दिनों नितिन गडकरी ने ये कहकर सनसनी मचा दी थी कि अब राजनीति से मन ऊब गया। उन्होंने एक बार फिर अपने ही अंदाज में एक ऐसी बात कही, संभव है उसके कई मतलब निकाले जाएं। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा ‘सरकार समय पर फैसले नहीं लेती है और यह एक समस्या है।’

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार समय पर फैसले नहीं लेती है और यह एक समस्या है। NATCON 2022 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा ‘आप चमत्कार कर सकते हैं। यहां संभावनाएं भी मौजूद हैं और क्षमता भी है। मेरा कहना है कि भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर का भविष्य सुनहरा है। हमें अच्छी तकनीक और नए सुधारों को स्वीकार करना होगा। हमें दुनिया और भारत की अच्छी रिसर्च और सफल प्रैक्टिस को स्वीकार करना होगा।’

गडकरी ने कहा कि हमें पास वैकल्पिक चीजें होनी चाहिए। इससे हम क्वालिटी से समझौता किए बिना लागत में कमी ला सकते हैं। निर्माण के काम में टाइम बहुत अहम होता है। यह सबसे बड़ी पूंजी है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि सरकारें समय पर फैसले नहीं लेती हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक और संसाधनों से भी यह महत्वपूर्ण चीज है। उन्होंने कहा कि हमारे पास बहुत क्षमता है, लेकिन हम 60 लाख करोड़ के ईंधन का आयात करते हैं और यह समस्या की बात है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि काम समय पर पूरे होने चाहिए।

राजनीति तो सत्ता के लिए  

उन्होंने कहा कि मैं जब महाराष्ट्र में मंत्री था, तो मैंने एक बार कह दिया कि जो एक दिन पहले बनेगा तो एक लाख रुपए का इनाम मिलेगा। यदि देरी हुई तो फिर इसी हिसाब से फाइन देना होगा। माहिम में फ्लाईओवर बनाने के लिए समय 24 महीने का था, लेकिन ठेकेदार ने 21 महीने में ही तैयार कर दिया। इसकी वजह यह थी कि उसे बोनस मिलना था।

नितिन गडकरी अकसर ऐसे बयान भी देते रहे हैं, जो भले ही विपक्ष को अनुकूल लगें, लेकिन उनकी पार्टी के नेतृत्व और सरकार को चुभते हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि आज की राजनीति सत्ता नीति हो गई है। इसका लोक कल्याण से कोई लेना देना नहीं रह गया। कई बार तो लगता है कि राजनीति से संन्यास ही ले लिया जाए।

तब भी बहुत चर्चा हुई, जब बाहर किया गया 

पिछले सप्ताह भाजपा ने अपनी शीर्ष संस्था ‘संसदीय बोर्ड’ (Parliamentary Board) का पुनर्गठन किया था। इससे नितिन गडकरी को बाहर कर दिया गया। इस फैसले को नितिन गडकरी के बयानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह से उनके रिश्तों से जोड़कर देखा जा रहा है। नितिन गडकरी भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं और संघ के बेहद करीबी नेताओं में शुमार किए जाते हैं। ऐसे में संसदीय बोर्ड से उनके बाहर होने पर काफी चर्चाएं हुई थीं। लेकिन, खुद गडकरी ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।