जिलों में नहीं थम रहा जुआ-सट्टा,पुलिस की सख्ती के दावों के बीच 15 दिन में 55 लाख की जब्ती

47

जिलों में नहीं थम रहा जुआ-सट्टा,पुलिस की सख्ती के दावों के बीच 15 दिन में 55 लाख की जब्ती

भोपाल: प्रदेश में जुआ और सट्टा थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर मध्यप्रदेश पुलिस सख्त और व्यापक कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग जिलों में लगातार छापों से यह संकेत भी मिल रहा है कि जुआ और सट्टे खेलने का काम अब भी जारी हैं।

पिछले 15 दिनों में प्रदेशभर में की गई कार्रवाई के दौरान 55 लाख रुपये से अधिक मूल्य की नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

गुना के कैंट थाना क्षेत्र में आनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। यहां 22 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। दतिया जिले में इंदरगढ़, जिगना, सिविल लाइन और बड़ौनी थाना पुलिस ने अलग-अलग दबिश देकर 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 4 लाख रुपये से अधिक की नगदी व सामग्री बरामद की।

मंडला में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर 7 जुआरियों को पकड़ा गया और 3 लाख रुपये जब्त किए गए। पन्ना के देवेन्द्रनगर क्षेत्र में दो जुआ फड़ों से 17 लोगों की गिरफ्तारी के साथ लगभग 28 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई, जिसमें वाहन और मोबाइल फोन शामिल हैं। बैतूल में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर नकद राशि जब्त की गई, जबकि ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में निमार्णाधीन मकान में चल रहे जुआ फड़ पर कार्रवाई कर 17 लोगों को पकड़ा गया।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में पुलिस की सख्ती के बावजूद भी जुआ और सट्टा खेला जा रहा है। इन दिनों टी-20 वर्ल्ड कप पर भी सटोरिए दाव लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस अब तक इन सटोरियों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी है।