
Big Action of Indore Police: महू में महिला IAS अधिकारी के फार्म हाउस में जुए का अड्डा, 13 लाख रुपए कैश के साथ 18 गिरफ्तार
इंदौर के महू में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस में जुए का अड्डा चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच चल रही है।
इंदौर: जिले के महू क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर की गई। जानकारी के अनुसार जिस फार्म हाउस पर जुआ खेला जा रहा था, वह महिला आईएएस और उनके पति के नाम पर दर्ज है।
इंदौर ग्रामीण पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि आवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुआ चल रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और एक टीम बनाकर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस जब फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद मिला लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर दाखिल हुई।
वहां बरामदे में कई लोग ताश खेलते हुए दिखाई दिए।पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करते हुए मौके से 18 लोगों को पकड़ लिया जबकि करीब 6 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए।
अपराध क्रमांक 111 पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मौके से 18 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया है जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है.





