चीन से MP में चोरी छिपे आ रहा लहसुन, एक ट्रक पर 10 लाख रुपए कमा रहे स्मगलर, CM और केन्द्रीय कृषि मंत्री तक पहुंचा मामला

500

 

चीन से MP में चोरी छिपे आ रहा लहसुन, एक ट्रक पर 10 लाख रुपए कमा रहे स्मगलर, CM और केन्द्रीय कृषि मंत्री तक पहुंचा मामला

भोपाल: चीन से मध्यप्रदेश के बाजारों में खुलेआम लहसुन की स्मगलिंग हो रही है। मध्यप्रदेश के मालवा अंचल में इन दिनों चीन से चोरी-छिपे व्यापक पैमाने पर लहसुन का अवैध कारोबार हो रहा है। स्मगलर एक ट्रक पर दस लाख रुपए की अवैध कमाई कर रहे है। अब इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक हुई है। भाजपा के पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने सीएम मोहन यादव को इसकी शिकायत करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं सांसद बंशीलाल गुर्जर ने इस मामले को राज्यसभा में उठाया है।

MP में वर्ष 2014 से भारत में चीन से आने वाली लहसुन पर प्रतिबंध लगा हुआ है इसके बावजूद देश के दूसरे बाजारों से चोरी छिपे लहसुन मध्यप्रदेश आ रही है। लहसुन उत्पादक क्षेत्र मालवा भी इससे अछूता नहीं है। इन दिनों लगातार शिकायतें मिल रही है कि कतिपय लोग अवैध रुप से चीन की लहसुन का व्यवसाय कर रहे है। इससे व्यापारियों और किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है।

चीन दुनिया में लहसुन का सबसे बड़ा उत्पादक देश है वहां की लहसुन की खेती में बहुत ज्यादा मात्रा में रसायन एवं कीटनाशकों उपयोग किया जाता है। यह सेहत के लिए सबसे खतरनाक होता है। इसके उपयोग से फंगस भी हो सकता है। चीन का आने वाला लहसुन भारतीय लहसुन से सस्ता होता है। इसके चलते भारत के किसानों और व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। यह लहसुन सीधे गोदामों में उतर रहा है। इस पर दस लाख रुपए एक ट्रक पर कमाई की जा रही है।

भाजपा के प्रदेश कार्य समिति के सदस्य तथा पूर्व भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से इसकी शिकायत करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की है।

सिसोदिया ने कहा है कि सांसद वंशीलाल इस मामले को संसद में उठा चुके है। उन्होंनें सीएम से मांग की है कि लहसुन का अवैध व्यापार करने वाले कौन कौन से तत्व सक्रिय है उनका पता लगाते हुए उन पर कड़ी कार्यवाही की जाना नितांत आवश्यक है। उनका कहना है कि किसान न तो इस प्रकार के लहसुन को खदीदकर बेच रहे है और न ही प्रदेश के व्यापारी इस लहसुन को बेच रहे है। इसे बेनकाब किया जाना चाहिए। इसकी जिम्मेदारी तय की जाना चाहिए कि चीन की लहसुन चोरी छिपे कहां से आ रही है, यह कौन ला रहा है तथा किन गोदामों में रखकर उन्हें आगे भेजा जा रहा है। उन्होंने ऐसे देशद्रोही तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है। इसे सख्ती से रोका जाना चाहिए। उन्होंने सीएम से चीन से आ रहे अवैध लहसुन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्यवाही करने की मांग की है।