Girish Gautam Sick : विधानसभा अध्यक्ष की तबियत बिगड़ी, रीवा से भोपाल लाया गया, CM अस्पताल पहुंचे!

ब्लड प्रेशर कम होने के बाद रीवा में भर्ती कराया, बाद में भोपाल लाए!

1012

Girish Gautam Sick : विधानसभा अध्यक्ष की तबियत बिगड़ी, रीवा से भोपाल लाया गया, CM अस्पताल पहुंचे!

Bhopal : मध्यप्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की मंगलवार दोपहर अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया। हालात को देखते हुए वहां के डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें भोपाल लाकर यहां के निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया। जैसे ही उनके स्वास्थ्य की जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मिली, तो वे हॉस्पिटल में विधानसभा अध्यक्ष का हाल-चाल जानने पहुंचे।

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास यात्रा निकाल रहे थे। तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। बताया जा रहा है कि उनको दो दिन पहले वायरल फीवर (Viral Fever) हुआ था। उन्होंने सोमवार के दिन आराम किया था।

मुख्यमंत्री को जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के स्वास्थ्य की जानकारी मिली, भोपाल से सरकारी हेलिकाप्टर रीवा के लिए रवाना कर दिया गया। दोपहर के सवा 3 बजे हेलिकाप्टर रीवा पहुंच गया। इसके बाद गिरीश गौतम को एंबुलेंस से रीवा एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से तत्काल भोपाल के लिए एयरलिफ्ट किया गया।

जानकारी के मुताबिक, गिरीश गौतम रीवा में सिविल लाइन स्थित अपने आवास पर आराम कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया था। यह जानकारी तुरंत रीवा में डॉक्टरों को दी गई। जहां से डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें भोपाल ले जाया गया। भोपाल के एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने उन्हें 48 घंटे आराम करने की सलाह दी है।