नए सत्र से संत हिरदाराम नगर क्षेत्र में खुलेगा शासकीय महाविद्यालय, CM ने किया शहीद हेमू कालानी की प्रतिमा का अनावरण

23 करोड़ लागत के फ्लाय ओवर से खत्म होगी आवागमन की समस्या, भौंरी क्षेत्र में 195 करोड़ रुपए की लागत से आवासों के निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन

346

नए सत्र से संत हिरदाराम नगर क्षेत्र में खुलेगा शासकीय महाविद्यालय, CM ने किया शहीद हेमू कालानी की प्रतिमा का अनावरण

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आम जनता के कल्याण, मजबूत कानून व्यवस्था और नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों पर नियंत्रण के लिए सरकार निरंतर कार्य करेगी। विकास कार्यक्रमों का लाभ लोगों को मिले और उनकी जिंदगी में सुखद परिवर्तन आए, यह सरकार का प्रयास है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज संत हिरदाराम नगर के शहीद हेमू कालानी स्टेडियम में विकास यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना, निम्न- मध्यम वर्गीय और गरीब वर्ग की आर्थिक दशा को बदलने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लालघाटी क्षेत्र से फंदा क्षेत्र तक शासकीय महाविद्यालय न होने की जानकारी प्राप्त होने पर संत हिरदाराम नगरक्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नवीन शैक्षणिक सत्र से शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अमर बलिदानी हेमू कालानी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज शाम विकास यात्रा के अंतर्गत संत हिरदाराम नगर में 218 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन कर रहे थे। भौंरी क्षेत्र में आवासों के निर्माण से निर्धन वर्ग को रहने के लिए पक्के मकान मिलेंगे वहीं संत हिरदाराम नगर में फाटक रोड पर 23 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाय ओवर के निर्माण से इस क्षेत्र में आवागमन की कठिनाइयां दूर होंगी और नागरिकों के समय और ऊर्जा की बचत होगी।

शिविर लगाकर देंगे विस्थापितों को पट्टे

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सिंधी विस्थापितों को जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। पट्टे प्रदान करने के लिए विधिवत प्रीमियम की रियायती दरें निर्धारित की जा रही हैं। इसके अनुसार 150 वर्ग मीटर भूमि तक पूर्व में निर्धारित 5 प्रतिशत के स्थान पर एक प्रतिशत और 150 वर्ग मीटर से 200 वर्ग मीटर तक 10 प्रतिशत के स्थान पर दो प्रतिशत प्रीमियम पर प्रदान किया जाएगा। शिविर लगाकर विस्थापितों को पट्टे प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में भी निर्धन वर्ग को भोजताल के केचमेंट क्षेत्र को छोड़ कर पट्टे प्रदान करने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आम जनता के बीच जाकर संबोधित किया और जनता से संवाद भी किया।

हेमू कालानी बने युवाओं के प्रेरणा स्रोत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संत हिरदाराम नगर में अमर बलिदानी हेमू कालानी जी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि 20 वर्ष से कम आयु में देश के लिए बलिदान देने वाले हेमू कालानी श्रद्धा के पात्र हैं। शहीदों के पूजे जाने से राष्ट्र वासियों को राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा मिलती है। हेमू कालानी देश की आजादी के लिए सिंध की पवित्र भूमि पर शहीद होकर युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने। हेमू कालानी की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। संत हिरदाराम जी भी यहां सभी के लिए सम्मानीय हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति के नए आयाम प्राप्त कर रहा है।

लाड़ली बहना योजना बदलेगी महिलाओं की आर्थिक दशा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत 5 मार्च से आवेदन प्रपत्र भरे जाएंगे। वार्ड स्तर, पंचायत स्तर और ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर बहनों के प्रपत्र भरवाए जाएंगे। योजना में निम्न मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग की बहनों के खाते में हर महीने एक हजार रूपए दिए जाएंगे। योजना का लाभ ढाई लाख रूपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों को प्राप्त होगा। किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जी की ओर से 6 हजार और राज्य सरकार द्वारा 4 हजार रूपए दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना मेरे दिल की है। बहनों की आर्थिक हालत सुधर जाए, यही उद्देश्य है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस योजना का लाभ लेने के लिए कहीं किसी को भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शिविर लगा कर कार्य किया जाएगा। जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रशासन के लोग घर- घर जाएंगे। मार्च और अप्रैल माह में आवेदन पत्रों का परीक्षण किया जाएगा। जून माह से बहनों के खातों में पैसा डालना शुरू कर दिया जाएगा। जनता की जिंदगी बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

WhatsApp Image 2023 02 20 at 9.06.48 PM

हुजूर क्षेत्र में होंगे अनेक विकास कार्य

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हुजूर क्षेत्र में अनेक विकास कार्यों को अंजाम मिलेगा। घर-घर टोंटी से जल प्रदाय, हिंदी में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की व्यवस्था, आगामी 31 मार्च के पश्चात मदिरा के अहातों को बंद किए जाने, बेटियों और बहनों पर बुरी नजर रखने वालों और अपराधियों को कठोरतम सजा, विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का कार्य निरंतर होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विधायक श्री रामेश्वर शर्मा हुजूर क्षेत्र में विकास कार्यों को अमल में लाने के लिए बधाई के पात्र हैं। राज्य शासन द्वारा इस क्षेत्र में सभी जायज कार्यों को अंजाम दिया जाएगा।

सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश की प्रगति के लिए समर्पित हैं। वे संवेदनशील होकर अपने नेतृत्व में जो कार्य कर रहे हैं उससे इस क्षेत्र में ही नहीं पूरे प्रदेश में नागरिकों को अनेक सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। टेक्सटाइल मिल के लिए अचारपुरा में भूमि देने की पहल हुई है। अब आम जनता यह जान पा रही है कि विकास किसे कहते हैं। करोड़ों रूपए की योजनाएं क्रियान्वित हो रही हैं। प्रदेश में बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई और विवाह तक सहायता देने का कार्य राज्य सरकार ने किया है।

विधायक हुजूर क्षेत्र, श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों के लिए आम जनता सरकार की आभारी है। साढ़े पांच हजार आवासों के निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ है। संत हिरदाराम नगर के विस्तार के लिए पहल हुई है। भौंरी उप नगर बनेगा। आरओबी के निर्माण से किसी की दुकान नहीं उजड़ेगी। स्वतंत्रता के पश्चात अब तक ब्रिज नहीं बना था। चाहे संत हिरदाराम नगर की बात हो या ग्रामीण क्षेत्रों की,सभी जगह पेयजल,सिक्स लेन रोड, शहर को दो हिस्सों में विभाजित होने की समस्या से मुक्त करवाते हुए डबल डेकर फ्लाय ओवर का निर्माण, शैक्षणिक सुविधाओं का विकास और यातायात सुगम बनाने के कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान के हाथों निकट भविष्य में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण होना है।

आज प्रारंभ हुए विकास कार्य: एक नजर में
संत हिरदारामनगर में आज शहीद हेमू कालानी जी की प्रतिमा के अनावरण के अलावा जिन कार्यों की शुरूआत हुई उनमें भौरी में 195 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित होने वाले मकानों का भूमि पूजन और 23 करोड़ रुपए की लागत से फाटक रोड पर बनने वाले फ्लाय ओवर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन शामिल है। फ्लाय ओवर कालका चौराहा से थ्री ईएमई सेंटर तक बनेगा। इसकी लंबाई 765 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है। आरओबी इसी वर्ष बनकर तैयार होगा। कार्यक्रम में डॉ धर्मेंद्र, श्री सुमित पचौरी, श्री किशन सूर्यवंशी, श्री सुशील वासवानी,श्री राजेश हिंगोरानी, श्री विष्णु गेहानी,श्री साबू रीझवानी, श्री बसंत चेलानी विभिन्न वार्डों के पार्षद अन्य जनप्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई। मुख्यमंत्री श्री चौहान का विभिन्न संगठनों की ओर से पुष्पहारों से हार्दिक स्वागत किया गया।