Guidelines Broken: कार्यकारिणी में कांग्रेस की टूटी गाईडलाइन

एक से ज्यादा हुए कई के पास पद

461

Guidelines Broken: कार्यकारिणी में कांग्रेस की टूटी गाईडलाइन

भोपाल: प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी में पार्टी ने अपनी ही बनाई गाईड लाइन तोड़ दी है। कई नेताओं के पास अब एक से ज्यादा पद हो गए हैं। राजस्थान में उदयपुर में पिछले साल हुई चिंतन बैठक में एक व्यक्ति एक पद का निर्णय लिया गया था, लेकिन प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी में इस पर अमल होता नहीं दिखाई दिया।

प्रदेश कांग्रेस ने कुछ उपाध्यक्ष ऐसे हैं जिनके पास अब दो से ज्यादा पद हो चुके हैं। इनमें प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह हैं, उनके पास अब उपाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी होगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष बनाई गई नूरी खान के पास भी अब दो जिम्मेदारी हो गई हैं। वे प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष भी हैं। वहीं अभय दुबे मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष हैं, उन्हें नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं महासचिव बने पवन पटेल, विभा बिंदु डागोरे के पास भी अब एक से ज्यादा पद हो गए हैं। पवन पटेल को हाल ही में ओबीसी विभाग का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है, अब वे प्रदेश महासचिव भी बनाए गए हैं। वहीं विभा बिंदु मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष हैं, उन्हें भी महासचिव बनाया गया है। कांग्रेस में प्रकोष्ठों को प्रदेश से जिले तक मजबूत करने की जिम्मेदारी निभा रहे जेपी धनोपिया को अब उपाध्यक्ष बनाया गया है।