Gujarat Election : भाजपा के सामने बिखरती कांग्रेस, एकजुट रखना मुश्किल!

गुजरात में कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां, 'आप' से भी मुश्किल!

626

Gujarat Election : भाजपा के सामने बिखरती कांग्रेस, एकजुट रखना मुश्किल!

Gandhi Nagar : गुजरात में 27 साल से राज कर रही भाजपा को शिकस्त देने के लिए कांग्रेस के नेताओं को एकजुट रखना बड़ी चुनौती हो रहा है। चुनाव प्रचार में भी कांग्रेस भाजपा और आप के मुकाबले पिछड़ती दिखाई दे रही है। दो दिनों में तीन विधायक भावेश कटारा, मोहन सिंह राठवा और भगा भाई बारड़ ने पार्टी छोड़ दी।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, उम्मीदवारों के ऐलान में एहतियात बरती जा रही है, ताकि जिन्हें छोड़ना है वह चले जाएं। 2017 के विधानसभा चुनाव से अब तक 20 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस नेता रतन भाई पटेल कहते हैं कि चुनाव में आना-जाना लगा रहता है। इसका परिणाम पर असर नहीं पड़ता। दल-बदल से माहौल बनाने में मदद मिलती है। वरिष्ठ नेता ने कहा कि जिस तरह पार्टी प्रचार कर रही है, उससे लगता है कि वह गंभीर नहीं है। जबकि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अरविंद केजरीवाल लगातार प्रचार कर रहे हैं।
कांग्रेस की दूसरी सूची जारी
कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 46 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की। पार्टी ने अब तक कुल 89 उम्मीदवारों की घोषणा की है। कांग्रेस ने पिछले शुक्रवार को चुनाव के लिए 43 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। दूसरी सूची में जिन नेताओं के नाम शामिल हैं, उनमें भुज से अर्जनभाई भूडिया, जूनागढ़ से भीखाभाई जोशी, सूरत पूर्व से असलम साइकिलवाला, सूरत उत्तर से अशोक भाई पटेल और वलसाड से कमल कुमार पटेल उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य में सत्ता से बाहर करने की कोशिश में जुटी है। राज्य में भाजपा दो दशकों से अधिक समय से सत्ता में है। कुल 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए दो चरणों में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को मतदान होगा और मतगणना आठ दिसंबर को होगी।