Half of Indore Sick : इंदौर में हर दूसरा व्यक्ति बीमार, कोलेस्ट्रॉल, शुगर और विटामिन की कमी से कई पीड़ित!    

ग्रामीण क्षेत्र से अधिक बीमारियां शहरी क्षेत्र में, 20.6 % को हाई कोलेस्ट्राल! 

202

Half of Indore Sick : इंदौर में हर दूसरा व्यक्ति बीमार, कोलेस्ट्रॉल, शुगर और विटामिन की कमी से कई पीड़ित!

  

Indore : खानपान के लिए मशहूर शहर में लोग अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। हाल ही में हुए ‘हेल्‍थ आफ इंदौर के प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे’ में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि करीब 20.6 % लोग उच्च कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित है, 11.14 % लोग उच्च रक्त शर्करा से पीड़ित है। वहीं 7.76 % लोगों में सीरम प्रोटीन का स्तर कम रहा।

सर्वे का प्रकाशन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की उपस्थिति में ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में हुआ। सर्वे में दो लाख से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए, जिसमें 50.17 % महिला और 49.83 % पुरुष शामिल है। वहीं सर्वे में एडिशनल टेस्ट भी जोड़े गए जिसमें करीब 10 हजार लोगों की जांच की गई, जिसमें 83.54 % लोगों में विटामिन डी की कमी पाई गई। वहीं 16.47% लोगों में विटामिन बी-12 की कमी और 12.68% का थायराइड हाई पाया गया। सर्वे के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र से अधिक बीमारियां शहरी क्षेत्र में पाई गई है। शहर में जहां 20.06% लोगों में कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ पाया गया, वहीं ग्रामीण में 13.79 लोगों में यह समस्या पाई गई।

हर दूसरा किसी बीमारी से पीड़ित

सर्वे में सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई है कि इंदौर में हर दूसरा व्यक्ति किसी ना किसी बीमारी से पीड़ित है। 200104 लोगों की जांच में 49.30% असामान्य और 50.70% सामान्य पाए गए है। इसमें 50.17% महिलाएं और 49.83% पुरुष असामान्य पाए गए है।

युवाओं में विटामिन-डी की कमी 

21 से 30 वर्ष तक में 31.38% युवाओं में विटामिन-डी की कमी है, जिसके कारण हड्डियों के रोग काफी बढ़ रहे हैं। इसके अलावा इस आयु वर्ग में 14.85% का कोलेस्ट्रोल बढ़ा हुआ पाया गया है। 9.96% में विटामिन बी-12 की कमी पाई गई।

इसी तर्ज पर पूरे देश में सर्वे

केंद्रीय मंत्री मंडाविया ने कहा कि हेल्थ आफ इंदौर अभियान की तर्ज पर पूरे देश में प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे करवाया जाएगा। प्रिवेंटिव हेल्थ केयर समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बदलते समय में हमे भी बदलना होगा। स्वास्थ्य के प्रति जवाबदेह और जागरूक बनने की जरूरत है। हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना होगा, जिससे की वह स्वस्थ रहे, इससे जान और माल की दोनों की बचत होगी। नागरिकों को नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए। व्यायाम के लिए साइकलिंग बेहतर माध्यम है। स्वस्थ नागरिक स्वस्थ समाज का निर्माण करता है और स्वस्थ समाज बनता है, स्वस्थ समाज समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करता है।