‘Halla Bol’ Against the Government : ‘हल्ला बोल’ बोलने से पहले यूथ कांग्रेसी आपस में ही जमकर भिड़े

प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं की संख्या कम, यहां पुलिसकर्मी ज्यादा तैनात रहे

957

Indore : युवक कांग्रेस ने बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और व्यापम के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन किया। पुलिस ने विक्रांत भूरिया सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संख्या कम नजर आई। कार्यकर्ता आपस में ही झगड़ते नजर आए।

हरसिद्धि माता मंदिर से एकत्रित होकर रैली के रूप में प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचना तय था। लेकिन, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के कार्यक्रम स्थल पर 3 घंटे लेट आने की वजह से कार्यकर्ता धूप में तपते रहे। जैसे तैसे सौ-पचास कार्यकर्ता एकत्रित हुए, तभी प्रदेश अध्यक्ष आ पहुंचे और रैली की शुरुआत की गई। बढ़ती बेरोजगारी एवं व्यापमं घोटाले की जांच की मांग को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस ने हल्ला बोल करते हुए कलेक्टर ऑफिस पर प्रदर्शन किया।

WhatsApp Image 2022 04 11 at 7.36.35 PM 1

इस दौरान उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस ने युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया सहित कार्यकर्ताओं समर्थकों को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संख्या कम नजर आई। कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिसकर्मी यहां तैनात थे। प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, इंदौर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रमीज़ खान सहित कई कार्यकर्ता रैली के रूप में यहां पहुंचे।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर पहले ही बैरिकेडिंग कर रास्ते को बंद कर दिया था। पुलिस ने नेता और कार्यकर्ताओं को कलेक्टर ऑफिस में जाने के पहले ही रोक दिया। इस दौरान विक्रांत भूरिया रमेश खान सहित कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पकड़कर जेल वाहन में भरना शुरू किया तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान पुलिस पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा।

पुलिस उठाकर ले गई
प्रदर्शन के दौरान जो पुलिस में कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी शुरू की तो बेरिकेटिंग पर बैठे विक्रांत भूरिया सहित अन्य नेताओं को भी पकड़कर वाहन में ले जाने का प्रयास किया। इस बीच विक्रांत भूरिया व अन्य नेता जमीन पर बैठ गए। इस पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए विक्रांत भूरिया को पकड़कर गाड़ी में बैठाया।

भूरिया ने लगाए आरोप
गिरफ्तारी के दौरान मीडिया से चर्चा में विक्रांत भूरिया ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा के लोग हमें पीछे से मारने का काम कर रहे थे। विक्रांत भूरिया ने कहा कि हम क्या मांग रहे हैं, बेरोजगारों को न्याय दीजिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सीएम के ओएसडी खुद इस मामले में लिप्त हैं। मगर मुख्यमंत्री ने कोई कार्रवाई नहीं की। भूरिया ने कहा कि वे फिर पूरी ताकत से आएंगे।

कार्यकर्ता आपस में भिड़े
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन भूलकर एक-दूसरे से भिड़ गए। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाए। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता एक-दूसरे को टक्कर लगने की बात को लेकर आपस में भिड़ गए थे। दो अलग-अलग गुटों के समर्थक आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे को मारते नजर आए। तभी अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा बीच-बचाव किया गया और मामले को शांत कर रैली को आगे बढ़ाया गया।

समर्थकों सहित भूरिया गिरफ्तार
एडिशनल डीसीपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया सहित उनके समर्थकों ने बैरिकेडिंग पकड़ने का प्रयास किया गया। उन्हें चेतावनी भी दी गई थी कि यह विधि विरुद्ध है। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनके द्वारा बलवा का प्रयास किया जा रहा था। भदौरिया ने कहा कि विभिन्न धाराओं में इन पर कार्रवाई की जाएगी। उनके पास प्रदर्शन की कोई परमिशन नहीं थी।