Health Improvement : राजू श्रीवास्तव की सेहत में हल्का सुधार, लेकिन वेंटिलेटर पर ही

बहन ने अस्पताल में ही राखी बांधी, PM ने हालचाल पूछे 

563

Health Improvement : राजू श्रीवास्तव की सेहत में हल्का सुधार, लेकिन वेंटिलेटर पर ही

New Delhi : दिल्ली के AIIMS में हार्ट अटैक के बाद भर्ती कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की सेहत को लेकर तीसरे दिन अच्छी खबर मिली। उनकी बॉडी में हल्का मूवमेंट देखा गया। बहन सुधा श्रीवास्तव ने आज ICU में जाकर राजू श्रीवास्तव को राखी बांधी। उनके जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र की प्रार्थना की।

48 घंटों बाद गुरुवार रात 10 बजे राजू श्रीवास्तव ने खुद से अपने पैर मोड़े थे। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ संदीप सेठ राजू का इलाज कर रहे हैं।

रात करीब 10 बजे PM नरेंद्र मोदी ने फोन कर राजू की पत्नी शिखा से बात की और स्वास्थ्य के बारे में हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। CM योगी आदित्यनाथ भी लगातार अपडेट ले रहे हैं।

पैर मोड़ना अच्छे संकेत

राजू के भतीजे मयंक के मुताबिक, डॉक्टर्स ने बताया है कि उन्होंने 48 घंटों बाद गुरुवार देर रात खुद से पैर मोड़ा। ये अच्छे संकेत हैं। वहीं, AIIMS दिल्ली ने भी देर रात हेल्थ बुलेटिन में जानकारी दी है कि उनकी सेहत में अब तेजी से सुधार आ रहा है। राजू के PRO गर्विंत नारंग ने बताया कि उन्हें अभी वैंटिलेटर सपोर्ट पर ही रखा गया है। ब्रेन अब भी सही तरीके से रिस्पॉन्स नहीं कर रहा है। राजू की बेटी अंतरा ने बताया कि उनके पिता की हालत में कोई सुधार नहीं आया, हम बस दुआ कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि वो जल्दी ही ठीक हो जाएंगे।

राजू श्रीवास्तव बुधवार सुबह वह वर्कआउट के लिए जिम गए थे। वहां अचानक सीने में दर्द हुआ और गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल दिल्ली के AIIMS में एडमिट कराया गया। पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है।

तीन बार एंजियोप्लास्टी हुई

राजू श्रीवास्तव की 10 साल में तीन बार एंजियोप्लास्टी हो चुकी है। पहली बार 10 साल पहले मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में और 7 साल पहले मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में हुई थी। इसके बाद बुधवार को तीसरी बार डॉक्टरों ने राजू श्रीवास्तव की एंजियोप्लास्टी की। लेकिन, अभी उनका ब्रेन रिस्पॉन्स नहीं कर रहा है।

बहन को रास्ते में पता चला

राजू श्रीवास्तव 5 भाई हैं। उनकी एक बहन सुधा हैं जो कानपुर के आचार्य नगर में रहती हैं। बहन 9 अगस्त को ही उनके पास रक्षाबंधन मनाने के लिए कानपुर से निकली थीं। उन्हें बीच रास्ते में ही पता चला कि राजू की तबीयत खराब हुई है। उन्हें AIIMS ले जाया गया है।

सिंगर सोनू निगम ने जाना हाल

जाने माने गायक सोनू निगम ने भी राजू की पत्नी से बातचीत की। सोनू ने कहा कि वे देश से बाहर हैं। जैसे ही भारत पहुंचेंगे, सबसे पहले उनसे मिलने आएंगे। सोनू ने राजू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। कॉमेडियन जॉनी लिवर ने भी उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।