Heat in February : इस बार फ़रवरी में ज्यादा गर्मी, इतनी पहले कभी नहीं पड़ी!

हर साल फ़रवरी में पानी बरसने का रिकॉर्ड, इस बार नहीं आया!

409

Bhopal : इस बार सर्दियां देरी से गई, लेकिन, उसके मुकाबले गर्मी जल्दी आ गई। फ़रवरी में कभी इतनी गर्मी नहीं पड़ती, जितनी इस बार महसूस हो रही है और पारा भी बता रहा है कि गर्मियों का आगमन हो गया।

दिल्ली और भोपाल समेत देश के कई हिस्सों में गर्मी तेवर दिखाने लगी। भोपाल में 9 दिन बाद दिन का पारा 33 डिग्री के करीब पहुंचा।

प्रति चक्रवात से भोपाल का मौसम भी बदल गया। 9 दिन बाद पारा 33 डिग्री के करीब पहुंच गया। दिन के तापमान में भी 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। लेकिन, रात के तापमान में 72 घंटे बाद भी बदलाव नहीं आया। सुबह 5:30 बजे पारा 14 डिग्री पर था, जो 11:30 बजे 28 डिग्री पर पहुंच गया।

इससे पहले 10 फरवरी को दिन का तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले 3 दिन से न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री ही बना हुआ है। अरब सागर में बने प्रति चक्रवात के कारण हवा में नमी खत्म हो गई, आसमान साफ हो गया। इस कारण दिन में तपिश बढ़ गई है। रात में ठंडक जल्दी और तेजी से होने के कारण तापमान बढ़ नहीं पा रहा।

WhatsApp Image 2023 02 20 at 7.27.53 PM

रविवार को दिल्ली का पारा 31.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले 14 साल में फरवरी माह के पहले 19 दिन में सबसे ज्यादा है। फरवरी में अधिकतम तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो साल 2006 में 26 फरवरी को गया था। साल 2021, 2018, 2017 और 2010 में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री से अधिक गया था। लेकिन, यह आंकड़ा 20 फरवरी के बाद ही छू पाया।

इस बार फरवरी में एक दिन भी बारिश नहीं हुई है। इससे पहले साल 2018 के फरवरी माह में एक दिन भी बारिश नहीं हुई थी। मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिनों तक दिल्ली में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। 22 फरवरी से मौसम में कुछ बदलाव होगा और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। साल 2019 के फरवरी माह में सबसे ज्यादा 19 दिन बारिश दर्ज हुई। जबकि, इस साल एक बार भी पानी नहीं गिरा।

माना जा रहा है कि बारिश के अभाव में मौसम गर्म हो रहा है। इससे पहले साल 2018 और 2017 में एक बार भी बारिश नहीं हुई। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री ही दर्ज किया गया। विभाग की माने तो इस सप्ताह भी बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही हैं। हालांकि बादल छाए रह सकते हैं।

दिल्ली में लगातार बढ़ रहा तापमान

रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक होकर 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में अधिकतम तापमान में बढ़त हो रही है। रविवार को पीतमपुरा इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अब पारा बढ़ेगा, हालांकि मंगलवार को इसमें मामूली सुधार हो सकता है। 25 फरवरी तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री ही बने रहने का अनुमान है। अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में मौसम साफ रहेगा। दिल्ली में सोमवार सुबह हल्की धुंध छा सकती है, लेकिन दिन में धूप खिलने से मौसम गर्म होगा। वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने का अनुमान है।