

Heavy Rain & Hail Fell in Indore : इंदौर में मौसम बदला, तेज गर्मी के बाद भारी बारिश और ओले गिरे, शहर के अधिकांश इलाकों में बत्ती गुल!
Indore : भीषण गर्मी के बाद आज दोपहर अचानक शहर का मौसम बदल गया। रविवार की सुबह गर्मी के साथ हुई, लेकिन 10 बजे के बाद बादल छाने लगे। इसके बाद बादलों की लुकाछुपी चलती रही और शहर के पश्चिमी इलाके में करीब 12 बजे बूंदाबून्दी हुई। फिर ये क्रम 3 बजे तक़ चला। इसी बीच शहर के पूर्वी क्षेत्र में भी 3 बजे से बूंदाबांदी होने लगी और 4 बजे के बाद पूरे शहर में तेज बारिश शुरू हो गई। कई इलाक़ों में ओले भी गिरे। बारिश की वजह से कई जगह पेड़ गिरने और लाइट गुल होने की भी शिकायत मिली।
मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट आई। 38 से 40 डिग्री सेल्सियस रहने वाला पारा उतरकर 26 से 28 के बीच आ गया। इससे लोगों को चुभती गर्मी से राहत मिली। शनिवार को भी मौसम कुछ ऐसा ही था, जब अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। हालांकि, धूप और गर्मी का असर पहले से काफी कम महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो टर्फ लाइन के प्रभाव से मौसम में बदलाव आए हैं। बताया गया कि 7 मई तक इंदौर सहित पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी। मई की शुरुआत में इंदौर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। लेकिन अब, तापमान में आई गिरावट ने मौसम को सुहाना बना दिया है।
7 मई तक आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर में मौसम के बदलाव के पीछे तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो टर्फ लाइन का समावेश है। इससे गर्मी से राहत में प्रमुख योगदान रहा। अगले कुछ दिनों में आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी। इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि गर्मी से राहत भी मिलेगी। मौसम के इस परिवर्तन ने सभी को राहत दी है, खासकर उस अव्यवस्था के बाद जो पिछले कुछ दिनों में देखने को मिली थी। ऐसे में आगामी दिनों में मौसम के परिवर्तनों पर सभी की नजर बनी रहेगी।