Heavy Rain : इंदौर में बारिश का हाहाकार, 12वीं तक के स्कूल बंद   

बारह घंटे में साढ़े 6 इंच पानी गिरा, 20 अगस्त तक ऐसी ही बरसात का अंदेशा 

2393

Heavy Rain : इंदौर में बारिश का हाहाकार, 12वीं तक के स्कूल बंद

 

इंदौर। मंगलवार रात करीब 8 बजे से इंदौर में शुरू हुई बारिश अभी भी जारी है। तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। रात को घर लौटने वाले लोगों को भारी परेशानी उठाना पड़ी। शहर की सड़कें नदी बन गईं। कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया। सबसे ख़राब हालत पश्चिमी क्षेत्र की हुई। प्रजापत नगर में सहित अन्य इलाकों में कई कारें पानी के बहाव के साथ बह गईं। रात में ही करीब 4.5 इंच बारिश दर्ज की गई है। सुबह 8 बजे तक 12 घंटों में साढ़े 6 इंच बारिश का अनुमान है। बारिश का ये दौर 20 अगस्त तक जारी रहेगा।

IMG 20220810 WA0018

अति वर्षा को देखते हुए कलेक्टर मनीष सिंह ने 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। कलेक्टर ने सभी स्कूल के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि जो स्कूल आज खुले उनके संचालक सभी स्टूडेंट्स को सुरक्षित घर तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उधर, नगर निगम के अधिकारियों ने बारिश का पानी जमा होने और तेज बहाव में फंसे हुए लोगों के लिए निगम कंट्रोल रूम के लेंड लाईन नंबर (0731-2535555) जारी किया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

IMG 20220810 103741

यशवंत सागर के तीन गेट खोले गए  

अतिवर्षा के कारण यशवंत सागर का एक गेट रात साढ़े 12 बजे खोला गया। दूसरा गेट रात 3 बजे और तीसरा गेट सुबह 6:30 बजे खोला गया। ये 12 बजे तक चालू रहेंगे। पानी का अभी लेबल है यशवंत सागर में 19.5 फीट है। शुरुआत में डैम के 2 गेट खोले जाने से गंभीर डेम का जलस्तर 1900 एमसीएफटी तक पहुंच गया। इसके चलते आज उज्जैन के गंभीर डेम के गेट खोलने की स्थिति बन सकती है।

पश्चिमी क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात

सबसे बुरे हाल पश्चिम क्षेत्र में हुए। फूटी कोठी, हवा बंगला, सुदामा नगर, द्वारकापुरी, शांतिनाथपुरी, साईं बाबा नगर, वैशाली नगर, राजेंद्र नगर, सिलिकॉन सिटी, नालंदा परिसर में चारों तरफ पानी ही पानी था। शांतिनाथपुरी में सड़कों पर इतना तेज पानी था कि कार बह गई। फूटी कोठी के सामने भी एक कार बही और आगे जाकर पलट गई। राजेंद्र नगर में 3 से 4 फीट ऊंचे ओटलों तक पानी था। हवा बंगला क्षेत्र के भी यही हाल थे।

निहालपुर गांव में पानी घुसा

निहालपुर मुंडी तालाब ओवरफ्लो होकर पानी गांव में घुस गया। विधायक जीतू पटवारी ने बताया एनडीआरएफ से मदद लेने को कहा था। नालंदा परिसर में सड़क पर इतना पानी था कि उनकी कार में स्टेयरिंग तक पानी भर गया। वैशाली नगर मेनरोड और आसपास के इलाकों में सड़कें डूब गई। रात तक 3 कारें और दर्जन भर बाइक बहने की सूचना थी। चाणक्यपुरी, बिजलपुर, केसरबाग रोड, गायत्री नगर में भी पानी जमा हो गया।

9 दिन में 10 इंच पानी बरसा

मौसम विभाग के अनुसार अगस्त माह में 272.7 मिमी (11 इंच) औसत बारिश होती है। इस बार 9 दिनों में ही करीब 10 इंच बारिश हो चुकी है। इंदौर में डेढ़ घंटे में 2 इंच बारिश दर्ज की गई। जबकि पूरी रात से सुबह तक 3 इंच से ज्यादा दर्ज हुई बारिश हो चुकी है। 53 दिन के मानसून में 29 इंच से ज्यादा बारिश हुई।