Hemant Katare Congress: संगठन की उपेक्षा से नाराज थे कटारे, दिल्ली तक मची हलचल

38

Hemant Katare Congress: संगठन की उपेक्षा से नाराज थे कटारे, दिल्ली तक मची हलचल

भोपाल: विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने उपेक्षा से नाराज होकर पद से इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे ने दिल्ली तक हलचल मचा दी है।
उनके इस्तीफा से यह संदेश दिल्ली तक गया कि प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कटारे ने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को शुक्रवार दोपहर बाद भेजा था। वे संगठन और विधायकों के बीच में तवज्जो नहीं दिए जाने से नाराज चल रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, कटारे पिछले कुछ समय से संगठन में अपनी उपेक्षा को लेकर नाराज चल रहे थे। संगठन सृजन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें महत्व नहीं दिया। वहीं 16 फरवरी को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ी। प्रदेश कार्यालय में होने वाली पत्रकार वार्ता में अक्सर कटारे को बोलने का मौका नहीं दिया जाता है। इसे भी वे अपने उपनेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा से जोड़कर देख रहे थे।
इसके अलावा 17 फरवरी को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्होंने भोपाल के स्लॉटर हाउस मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का सुझाव दिया था। उन्होंने सभी विधायकों के साथ स्लाटर हाउस जाने की भी बात की थी, लेकिन इस पर बाद में कोई ठोस चर्चा नहीं हुई। वहीं विधानसभा में भी कांग्रेस विधायक दल ने इस मामले को प्रमुखता से नहीं उठाया। इसे भी उनकी असंतुष्टि का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। वहीं शुक्रवार को जब वे सदन में बोल रहे थे, तभी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बीच में खड़े होकर बोलने लगे।
बताया जाता है कि इसके बाद कटारे ने तय किया कि उन्हें पद के अनुसार पार्टी में सम्मान नहीं मिल रहा है। इसलिए वे सदन से उठ कर गए और इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ेगे को भेज दिया।
इस्तीफे की खबर सामने आते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दिल्ली से भोपाल पहुंचे। उन्होंने कटारे से संपर्क साधने की कोशिश की और पार्टी के कुछ पदाधिकारियों को उनके निवास पर भेजा।
इधर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी कटारे से चर्चा के प्रयास में जुटे हैं। हालांकि प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले का दावा है कि रात में ही कटारे से बात हो गई थी।
दिल्ली से आ सकता है बुलावा
कटारे ने भले ही दिल्ली में किसी नेता से मिलने का समय नहीं मांगा हो, लेकिन उनका इस्तीफा अपने आप में एक संदेश है कि प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ सामान्य नहीं है। खास बात यह है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब तीन दिन बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भोपाल दौरे पर आने वाले हैं। ऐसे में कटारे को दिल्ली बुलाया जा सकता है। वहीं प्रदेश कांग्रेस के नेता भी उन्हें मनाने में लगे हुए हैं।