WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

तेज रफ्तार का कहर: खरगोन में बस घर में घुसी, 32 यात्री घायल

तेज रफ्तार का कहर: खरगोन में बस घर में घुसी, 32 यात्री घायल

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। हादसे में 32 यात्री घायल हो गए। घटना कसरावद थाना क्षेत्र के ओझरा गांव में दोपहर के समय हुई।

एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि बस खरगोन से इंदौर जा रही थी, तभी अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क से उतरकर सीधे एक मकान में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर गिर पड़े। हादसे में बस चालक और परिचालक भी घायल हुए हैं।

पढ़ना जारी रखें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को कसरावद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

कसरावद के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष बड़ोले ने बताया कि कुल 32 घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया, जिनमें करीब 10 महिलाएं और 6 बच्चे शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद करीब 25 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक गंभीर घायल को इंदौर भेजा गया है।

बस में सवार अंतिम वर्ष के इंजीनियरिंग छात्र क्षितिज गुप्ता ने बताया कि वह परीक्षा देने इंदौर जा रहे थे। उन्होंने कहा, “बस अचानक असंतुलित हो गई और जोरदार टक्कर हुई। मैं उछलकर बस की छत से टकरा गया।” उन्होंने यह भी बताया कि बस सामान्य से थोड़ी तेज गति में चल रही थी।

हालांकि, एसडीओपी शुक्ला ने ओवरलोडिंग की संभावना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि बस ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली के तहत संचालित होती है और उसमें निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्री सवार थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।