
Hindi cinema के ‘He Man’ Dharmendra: 89 वर्ष की उम्र में निधन, फिल्म जगत शोक में
Mumbai: हिंदी फिल्मों के सदाबहार सितारे और करोड़ों दिलों के हीरो धर्मेंद्र का आज सुबह मुंबई में निधन हो गया। लगभग सात दशक तक भारतीय सिनेमा को रोमांस, एक्शन और सहज अभिनय का अनोखा संगम देने वाले धर्मेंद्र के जाने से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतिम संस्कार आज ही मुंबई में किया जा रहा है जहां बड़ी संख्या में फ़िल्मी कलाकार पहुंचने लगे हैं।
मुंबई में सोमवार सुबह 89 वर्ष की उम्र में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने अंतिम सांस ली। कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे धर्मेंद्र को हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार ने उनकी हालत को लेकर पहले अफवाहों का खंडन किया था लेकिन आज सुबह आधिकारिक सूचना के बाद पूरे देश में शोक की लहर फैल गई।

धर्मेंद्र यानी धर्म सिंह देओल का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली में हुआ था। एक साधारण परिवार से निकलकर वे भारतीय सिनेमा के सबसे चमकते सितारों में शामिल हुए। 1960 में फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से शुरुआत कर उन्होंने जल्द ही अपनी अलग पहचान बना ली। फूल और पत्थर, सत्यकाम, शोले, चुपके चुपके, धरम वीर, राजा जानी, अपने और यमला पगला दीवाना जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया।

रोमांस में उनकी सहजता, कॉमेडी में टाइमिंग और एक्शन में दमखम ने उन्हें ही मैन की उपाधि दिलाई। दुनिया को मुस्कुराना सिखाने वाले धर्मेंद्र निजी जीवन में बेहद सरल स्वभाव और मिट्टी से जुड़े रहने वाले कलाकार माने जाते थे।

उनका परिवार भी फिल्म जगत का अहम हिस्सा है। पुत्र सनी देओल और बॉबी देओल हिंदी फिल्मों के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं जबकि एशा देओल और अहाना देओल भी कला और संस्कृति से जुड़े कार्य करती हैं।
धर्मेंद्र के निधन के बाद सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों की बाढ़ आ गई है। अभिनेता, निर्देशक, राजनेता और प्रशंसक उन्हें भारतीय सिनेमा का सबसे उदार, सबसे विनम्र और सबसे प्रभावशाली सितारा बता रहे हैं। फिल्म उद्योग ने आज एक संपूर्ण अभिनेता ही नहीं बल्कि एक युग खो दिया है।





