
Holi at Collector’s Bungalow : होली पर कलेक्टर आशीष सिंह के बंगले की रंगत बदली, निगम कमिश्नर ढोल की थाल पर जमकर थिरके!
Indore : आज पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में होली की भारी धूम रही। इसके साथ ही कलेक्टर के बंगले पर भी होली की अलग ही रंगत दिखाई दी। कलेक्टर बंगले पर कलेक्टर, कमिश्नर, अपर कलेक्टर और संयुक्त कलेक्टर नही, बल्कि कोई था। वो था होली की धमाल, उत्साह, मस्ती और डांस। कलेक्टर का बंगला आज होली पर उत्साह की प्रतीक्षा में तैयारी से परिपूर्ण था।
अतिथियों के स्वागत में आशीष सिंह, उनकी पत्नी और दोनों बेटों के साथ सभी के स्वागत के लिए खड़े थे। टेबलों पर कई रंगों की थालियां सजी थी, वही पानी के बड़े टैंकर भी सभी को भीगने का निमंत्रण दे रहे थे। होली की शुरुआत में पहले अधीनस्थ अधिकारियों में एडीएम गौरव बेनल, एसडीएम घनश्याम धनगर, एसडीएम रोशनी वर्धमान, एसडीएम कल्याणी पांडे, फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी सहित अन्य प्रशासन के अधिकारियों ने कलेक्टर आशीष सिंह को जमकर गुलाल से रंगा।
प्रशासन के अधिकारियों के साथ कलेक्टर आशीष सिंह भी पूरे रंग में नजर आए। बंगले के गार्डन में बने एक गड्ढे ने आज वो काम किया, जो अच्छे से अच्छा रंग भी नहीं कर पाया। कीचड़ से भरे गड्ढे ने असली होली का मजा दिलाकर सबको मस्ती से भर दिया। इस गड्ढे की महिमा उस समय पता चली, जब आने वाले सभी मेहमानों के लिए इसे स्वागत द्वार की तरह इस्तेमाल किया गया।
निगम कमिश्नर बाने के साथ पहुंचे
कुछ समय बीतने के बाद ढोल बजने लगा और निगम आयुक्त शिवम वर्मा का अधिकारियों और कर्मचारियों का बाना कलेक्टर बंगले में प्रवेश कर गया। 5 हार की लड़ी हाथ में लिए नाचते-कूदते शिवम वर्मा ने आशीष सिंह को माला पहनाई और दोनों जमकर झूमते हुए नाचने लगे। शिवम वर्मा के डांस की सभी ने तारीफ की। जिसने भी देखा वो देखकर आश्चर्य चकित रह गया। सभी अधिकारियों ने खुलकर नाचते गाते हुए आज के दिन को यादगार बनाया।





