
कांग्रेस के टैलेंट सर्च में सैकड़ों आवेदन,इंटरव्यू से होगा चयन
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस द्वारा संगठन को मजबूत करने के लिए शुरू किए गए टैलेंट सर्च अभियान में 15 फरवरी तक आवेदन मांगे गए थे। तय तारीख तक प्रदेश और विभिन्न जिलों से सैकड़ों आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब जिलों में आए आवेदनों को प्रदेश कार्यालय बुलाया जाएगा, जहां उनकी प्रारंभिक छंटनी की जाएगी। इसके बाद चयनित आवेदकों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
पार्टी ने इंटरव्यू की प्रक्रिया फरवरी और मार्च में पूरी करने की तैयारी की है।
कांग्रेस इस अभियान के जरिए ऐसे लोगों को संगठन से जोड़ना चाहती है, जो चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा से दूर रहकर पार्टी की विचारधारा के अनुरूप काम करना चाहते हो। पार्टी का फोकस उन कार्यकर्ताओं पर है जो संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने में रुचि रखते हैं और लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
अब प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद योग्य अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। चयनित लोगों को प्रदेश और जिला स्तर पर संगठनात्मक कार्यो में जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी का मानना है कि इस प्रक्रिया से संगठन में नए और समर्पित लोगों की भागीदारी बढ़ेगी। पूर्व में पांच फरवरी तक आवेदन मांगे गए थे, इसके बाद यह तारीख बढ़ाकर दस की बाद में 15 फरवरी कर दी गई थी।
इस टैलेंट सर्च की एक विशेषता यह भी है कि पार्टी केवल पारंपरिक राजनीतिक कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहना चाहती। गायक, वाद्य यंत्र बजाने वाले, कविता और लेखन से जुड़े लोग, शायर, नारे लिखने में दक्ष कार्यकर्ता और कार्यक्रम संचालन में माहिर लोगों से भी आवेदन मांगे गए थे। पार्टी इन प्रतिभाओं का उपयोग अपने कार्यक्रमों, अभियानों और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में करने की योजना बना रही है।





