पत्नी की हत्या कर शव के पास बच्चों संग सोया पति, गिरफ्तार

47
Businessman Committed Suicide : पैसा न मिलने से परेशान सोना-चांदी व्यापारी ने आत्महत्या की!

पत्नी की हत्या कर शव के पास बच्चों संग सोया पति, गिरफ्तार

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में चरित्र शंकर के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद पूरी रात उसके शव के पास अपने दो मासूम बच्चों के साथ बिताई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

भीकनगांव के एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि यह घटना पिछोड़िया गांव के पलासला फलिया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई।

उन्होंने बताया कि आरोपी जगदीश डाबर (38) का अपनी दूसरी पत्नी रीमा बाई (25) के साथ विवाद हुआ था। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था और उसके बार-बार घर से बाहर जाने को लेकर वह नाराज रहता था। इसी शक के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ा और मामला हिंसक हो गया।

गुस्से में आकर आरोपी ने रीमा बाई पर लाठी से हमला कर दिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की। पुलिस के मुताबिक हमला इतना गंभीर था कि मृतका के शरीर का कोई भी हिस्सा चोट से अछूता नहीं रहा। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी का व्यवहार और भी चौंकाने वाला रहा। हत्या करने के बाद वह उसी कमरे में खून से सने शव के पास खाट पर लेट गया और अपने दो छोटे बच्चों के साथ पूरी रात वहीं सोता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जगदीश की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर पांच बच्चों के साथ अलग रह रही है। इसके बाद उसने अपनी साली रीमा बाई से विवाह किया था, जिससे उसके दो बच्चे हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शनिवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।