मन को भाया दुबई में इंदौरी दबदबा और स्पेन में कालबेलिया की छटा…

338

मन को भाया दुबई में इंदौरी दबदबा और स्पेन में कालबेलिया की छटा…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों को आकर्षित करने के लिए दुबई और स्पेन की साथ दिवसीय यात्रा कर 20 जुलाई की शाम मध्य प्रदेश वापस लौटे। दुबई को डॉ. मोहन यादव ने लघु विश्व के रूप में महसूस किया। तो दुबई के इस्कॉन मंदिर ने उन्हें आनंद से भर दिया। निवेशकों ने भी मध्य प्रदेश में करीब 5000 करोड़ निवेश की इच्छा जताई है। तो दुबई में इंदौरी दबदबे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मन मोह लिया। वही बात स्पेन की करें तो टेक्सटाइल और कल्चर के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को बहुत कुछ पाने की उम्मीद जगी है।‌ पर स्पेन और मध्य प्रदेश सहित भारत के रिश्ते सांस्कृतिक रूप से बहुत करीब है। स्पेन के फ्लेमिंगो नृत्य में डॉ. मोहन यादव को हमारे कालबेलिया नृत्य की झलक दिखाई दे गई। और विशेष बात यह है की स्पेन के लोग भी खुले दिल से कालबेलिया और फ्लेमिंगो को करीब मानते हैं। और उन्हें यह स्वीकार करने में भी कोई हिचक नहीं है कि कालबेलिया नृत्य ही फ्लेमिंगो बनकर स्पेन की संस्कृति को मजबूत कर रहा है। तो स्पेन में भारतीय रेस्टोरेंट्स में खाना खाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आनंदित हो गए। और यह देखकर और ज्यादा खुश हुए कि भारतीय व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए 90 फ़ीसदी स्पेन के लोग खाना-खजाना जैसे भारतीय रेस्टोरेंट्स में आते हैं। स्पेन से भी मध्यप्रदेश में जहां करीब 6000 करोड़ निवेश की उम्मीद जगी है, तो वही विदेशी भाषा में कुशल युवाओं को स्पेन में रोजगार मिलने की संभावनाएं भी संबंधों को मजबूत करने वाली बन सकती हैं। तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 7 दिन के दुबई और स्पेन प्रवास ने आगामी समय में मध्य प्रदेश में 11000 करोड़ निवेश की उम्मीद जगाई है। और इसे 14000 रोजगार सृजित होने की संभावना बनी है।

वैदेशिक संबंधों को नई ऊर्जा देने वाली दुबई और स्पेन की इस यात्रा को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफलतम यात्रा बताया है। और यात्रा की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूर-दृष्टि और कुशल नेतृत्व को दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग सेक्टर में काफी निवेश की संभावनाएं हैं। दुबई और स्पेन के 7 दिन के प्रवास से मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं बनी है। यात्रा के दौरान कई विदेशी कंपनियों से मध्यप्रदेश में निवेश और नॉलेज शेयरिंग के लिए करार भी हुए हैं।

मध्यप्रदेश में रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से लगभग 30.77 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। निवेश धीरे-धीरे धरातल पर भी उतर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस विदेश यात्रा से मध्यप्रदेश में कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, खनन, उद्योग और पर्यटन विकास के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं निकलकर सामने आईं हैं, जिससे रोजगार के नए अवसरों के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। और इन्हीं प्रयासों से मध्यप्रदेश अब बड़ी तेजी से निवेश के लिए एक आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है।

 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पेन की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान जनवरी 2025 में घोषणा की थी कि 2026 को भारत और स्पेन के बीच संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में प्रगति का जश्न मनाने के लिए ‘दोहरे वर्ष’ के रूप में चिह्नित किया जाएगा। प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए, जयशंकर ने विश्व स्तर पर भारत की सकारात्मक छवि बनाने में उनकी भूमिका को स्वीकार किया था और भारत-स्पेन संबंधों की बढ़ती संभावनाओं पर ज़ोर दिया था। और भारत की इसी नीति को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश और स्पेन के बीच पर्यटन, संस्कृति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में कदम आगे बढ़ाए हैं।

 

डेढ़ साल के अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों को आकर्षित करने की दृष्टि से दुबई, स्पेन, इंग्लैंड, जर्मनी और जापान की यात्रा कर चुके हैं। और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक देश और विदेश से निवेश के प्रस्ताव धरातल पर भी आकार ले रहे हैं। दुबई में इंदौरी दबदबा और स्पेन में फ्लेमिंगो के रूप में कालबेलिया नृत्य की अनुभूति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आनंद से भर दिया। निश्चित तौर से यह अनुभूति मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों के मन को भी संतोष से भरती है, लेकिन निवेश के जरिए ही मध्यप्रदेश विकास के नए युग में प्रवेश करेगा। और विरासत के साथ विकास का वह दृश्य ही मध्य प्रदेश के नागरिकों को संतोष से भरेगा… और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की औद्योगिक और निवेश प्रोत्साहन के महत्वाकांक्षी लक्ष्य पर मुहर लगाएगा। इस पर ही सत्ता पक्ष, विपक्ष और पूरे मध्य प्रदेश की निगाहें हैं… फिलहाल के लिए यह काफी है कि डॉ. मोहन यादव के मन को भाया दुबई में इंदौरी दबदबा और स्पेन में कालबेलिया की छटा…।