
IAS Abhishek Prakash: निलंबन के 1 साल बाद हुए बहाल, जारी रहेगी विभागीय जांच
लखनऊ; भारतीय प्रशासनिक सेवा में 2006 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश को लगभग एक वर्ष के निलंबन के बाद बहाल कर दिया गया है। उनकी बहाली 15 मार्च से प्रभावी होगी।
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल ने उनकी बहाली का आदेश जारी कर दिया है। हालांकि, बहाली के बाद भी उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच जारी रहेगी।
प्रकाश को पिछले साल 20 मार्च को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया था, जब उन पर इन्वेस्ट यूपी के सीईओ के पद पर रहते हुए एक सौर कंपनी से परियोजना की मंजूरी के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा था।
लेकिन महज दो दिन पहले ही इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने ठोस सबूतों के अभाव में उनके खिलाफ दायर आरोपपत्र को खारिज कर दिया था, जिसके बाद विभागीय स्तर पर उनकी बहाली की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, निलंबन अवधि समाप्त होने से पहले इस संबंध में एक रिपोर्ट केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को भेजी जानी है।





