IAS Transfer List: कल रात हुई प्रशासनिक सर्जरी के मायने! इंदौर रहा केंद्र बिंदु!

3846

IAS Transfer List: कल रात हुई प्रशासनिक सर्जरी के मायने! इंदौर रहा केंद्र बिंदु!

सुरेश तिवारी की विशेष रिपोर्ट

भोपाल: कल देर रात निकली आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में इंदौर केंद्र बिंदु रहा। यहां पहली बार ऐसा हुआ है जब एक साथ महत्वपूर्ण पदों पर आसीन चार आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी हुए। इनमें संभाग के सबसे बड़े अफसर संभाग आयुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह ,नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामप्रताप अहिरवार के तबादला आदेश जारी हुए। कलेक्टर इंदौर का उज्जैन कमिश्नर बनना तो उसी दिन तय हो गया था जब उन्हें मेला अधिकारी उज्जैन बनाया गया था। सरकार के सबसे बड़े विशेष कर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के प्रतिष्ठा प्रसंग आगामी सिंहस्थ की सफलता की गारंटी अब आशीष सिंह को सरकार ने दे दी है। आशीष सिंह के कार्य प्रणाली को देखकर यह कहा जा सकता है कि वह इस कार्य को बेहतर तरीके से अंजाम देंगे।

इंदौर संभाग के कमिश्नर दीपक सिंह का तबादला क्यों हुआ? इसका कारण तो सरकार ही जानती है। माना जा सकता है कि इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण हो सकते हैं तभी तो दीपक सिंह को ऐसी पद स्थापना दी गई है जो उनके वरिष्ठता के अनुरूप नहीं कहीं जा सकती। यह भी चर्चा में था कि निगम आयुक्त शिवम वर्मा कलेक्टर इंदौर हो सकते हैं और यह हुआ भी। उनके निगम आयुक्त के अनुभव का लाभ इंदौर को मिलेगा इसमें कोई शक नहीं है। राम प्रताप अहिरवार को इंदौर विकास प्राधिकरण में 3 साल लगभग हो गए थे और उनका ट्रांसफर भी होना चर्चा में था।अच्छी बात है कि वह उनकी उनका तबादला उनकी कार्यशैली के अनुरूप नगर निगम आयुक्त जबलपुर के पद हुआ। माना जा सकता है कि वह वहां भी बेहतर परिणाम देंगे।

collage 8 5

एक और तबादला पिछले कई दिनों से प्रशासनिक क्षेत्र में चर्चा में था,वह है जनसंपर्क आयुक्त सुदाम खाड़े का। बता दें कि पूर्व में जब उन्हें ग्वालियर संभाग का कमिश्नर बनाया गया था तब भी उनका नाम इंदौर के लिए चला था। वह ग्वालियर तो लंबी पारी नहीं खेल पाए लेकिन उम्मीद की जाती है कि वह अब इंदौर संभाग में अपनी एक नई जोरदार पारी का आगाज करेंगे। प्रशासनिक क्षेत्र में उनके अनुभव का लाभ इंदौर का मिलेगा इसमें कोई शक नहीं है।

इंदौर नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा कलेक्टर इंदौर बनाए गए हैं। पिछले कुछ सालों में यह देखा गया है कि इंदौर नगर निगम कमिश्नर कलेक्टर इंदौर बनाए जाते रहे हैं। इसके पूर्व आशीष सिंह भी इंदौर निगम के कमिश्नर रहने के बाद कलेक्टर इंदौर बनाए गए। इसी प्रकार मनीष सिंह भी नगर निगम कमिश्नर इंदौर रहे हैं और उन्हें बाद में कलेक्टर इंदौर बनाया गया।


 IAS Transfer: एमपी में 14 IAS अधिकारियों के तबादले, खाड़े इंदौर संभाग के कमिश्नर, आशीष सिंह कमिश्नर उज्जैन संभाग,दीपक सक्सेना कमिश्नर जनसंपर्क, शिवम वर्मा कलेक्टर इंदौर बने


जबलपुर के कलेक्टर दीपक सक्सेना को जनसंपर्क आयुक्त बनाया गया है। सरकार ने यह पद स्थापना बहुत सोच समझकर की है,यह कहा जा सकता है। यह पद बहुत ही संवेदनशील और सरकार की छवि बनाने वाला पद है इस मान से दीपक सक्सेना इसके लिए बहुत उपयुक्त अफ़सर कहे जा सकते हैं। यह पद उनकी कार्य प्रणाली,नेचर के अनुसार उन्हें रास आएगा ,यह उम्मीद की जा सकती है।

आगर मालवा के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को जबलपुर कलेक्टर बनाकर सरकार ने यह संदेश दिया है कि परिणाम देने वाले अधिकारियों को बेहतर पद स्थापना मिलेगी। बड़वानी की कलेक्टर गुंचा सनोवर का तबादला भी लगभग तय माना जा रहा था । वह पिछले कई दिनों से अवकाश पर भी हैं।

इस सूची के बाद भी अभी आईएएस अधिकारियों की एक और तबादला सूची अगले दिनों जारी हो सकती है। अभी कई कलेक्टरों के तबादला आदेश जारी होना है जिनमें रीवा, सीधी भिंड आदि जिले शामिल हैं।

कहा जा सकता है कि अब यह सूची त्योहारों के बाद ही आए।