
IAS Transfer List: आखिर क्यों लगातार टल रही है प्रशासनिक सर्जरी!
भोपाल: IAS Transfer List: मध्य प्रदेश के प्रशासनिक और सियासी गलियारों में लगातार यह चर्चा हो रही है कि आखिर क्यों लगातार टल रही है प्रशासनिक सर्जरी! सूत्रों पर अगर भरोसा किया जाए तो यह सूची मुख्य सचिव के अवकाश पर जाने के पहले से तैयार थी लेकिन कुछ नामों पर फिर विचार की जरूरत के चलते आदेश रोक दिए गए।
मुख्य सचिव के अवकाश पर लौटने के बाद फिर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच नए सिरे से सूची पर चर्चा हुई और सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया था। बताया जाता है कि पिछले शुक्रवार को ही यह सूची जारी होने वाली थी। लेकिन एक दो नाम को लेकर अगले दिन के लिए टल गई। यह लगभग तय माना जा रहा था कि अगले दिन शनिवार या रविवार को तो यह सूची जारी हो जाएगी। लेकिन भोपाल,रीवा, धार कलेक्टर सहित कुछ जिलों को लेकर नए नाम, विचार और पेंच सामने आए।

प्रशासनिक गलियारों की खबरों पर अगर भरोसा किया जाए तो इस सूची में तीन कमिश्नर और 20 जिला कलेक्टरों के नाम हैं।
विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि चार जिलों में कलेक्टरों को बदलने के मामले में पुनर्विचार हो रहा है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव व मुख्यसचिव अनुराग जैन के बीच तबादला सूची को लेकर लंबी चर्चा हुई थी। इस चर्चा के बाद सूची पर सहमति बन गई थी , लेकिन राजनीतिक तकाजों के चलते कुछ नामों पर फिर विचार की जरूरत महसूस की गई लेकिन इन सब की वजह से सूची अभी तक रुकी हुई है। माना जा रहा है कि अगले एक दो दिन में यह सूची जारी हो सकती है।





