बुद्ध को क्रुद्ध किया…तो फिर होगा युद्ध…

190

बुद्ध को क्रुद्ध किया…तो फिर होगा युद्ध…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मई 2025, बुद्ध पूर्णिमा के दिन राष्ट्र को संबोधित करते हुए 140 करोड़ भारतीयों को यह भरोसा दिलाया है कि भारत महात्मा बुद्ध की नीति पर ही चल रहा है। बुद्ध शांति का प्रतीक हैं, तो शौर्य और पराक्रम के पर्याय भी हैं। पाकिस्तान ने अगर बुद्ध से प्रेरणा लेकर शांति का मार्ग अपनाया, तब सब ठीक है। पर यदि पाकिस्तान ने आतंक की राह चुनी और बुद्ध को क्रुद्ध किया तब भारत के पास युद्ध का विकल्प बचता है। और ‘ऑपरेशन सिंदूर’, जिसने पाकिस्तान के फितूर को मिट्टी में मिलाकर आइने की तरह साफ कर दिया, इसे पाक पर रहम करते हुए भारत ने स्थगित किया है। अगर आतंक पर पाक का प्रेम उमड़ा, तब भारत क्रुद्ध होकर युद्ध भी करेगा और पाकिस्तान को कब्रिस्तान में बदलने में कोई चूक भी नहीं करेगा। गेंद पाकिस्तान के पाले में है। बात अब आतंक और पीओके पर होगी। आतंक और व्यापार, दोनों साथ में नहीं हो सकते। पानी और खून साथ में नहीं बहेंगे। या तो पाकिस्तान में खून की धारा बहेगी या फिर भारत आतंकमुक्त रहकर पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध को स्थगित रखने का मन बनाकर रखेगा। मोदी के इस संबोधन में राष्ट्र के गौरवान्वित होने की ध्वनि प्रतिबिंबित हो रही है।

मोदी ने अपने भाषण में जो कहा, वह भारत की ताकत की झलक है। जैसे देश का सामर्थ्य और उसका संयम सबने देखा, तो दूसरी तरफ हमारे वीर सैनिकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं उनकी वीरता को, उनके साहस को, उनके पराक्रम को- हमारे देश की हर माता को, देश की हर बहन को, और देश की हर बेटी को, ये पराक्रम समर्पित करता हूं।

22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरता दिखाई थी, उसने देश और दुनिया को झकझोर दिया था। इस आतंकी हमले के बाद सारा राष्ट्र, हर नागरिक, हर समाज, हर वर्ग, हर राजनीतिक दल, एक स्वर में, आतंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए उठ खड़ा हुआ। हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को पूरी छूट दे दी। और आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों-बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है।’ पर जब देश एकजुट होता है, नेशन फर्स्ट की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है, तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं, परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं।

और फिर युद्ध में पाकिस्तान के नाक रगड़ने की बात साझा करते हुए मोदी ने कहा कि युद्ध के मैदान पर हमने हर बार पाकिस्तान को धूल चटाई है। और इस बार ऑपरेशन सिंदूर ने नया आयाम जोड़ा है। हमने रेगिस्तानों और पहाड़ों में अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया, और साथ ही, न्यू एज वॉरफेयर में भी अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इस ऑपरेशन के दौरान, हमारे मेड इन इंडिया हथियारों की प्रमाणिकता सिद्ध हुई। आज दुनिया देख रही है, 21वीं सदी के वॉरफेयर में मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट्स, इसका समय आ चुका है।

तो मोदी ने साफ किया कि हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ हम सभी का एकजुट रहना, हमारी एकता, हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। निश्चित तौर पर ये युग युद्ध का नहीं है, लेकिन ये युग आतंकवाद का भी नहीं है। टैररिज्म के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, ये एक बेहतर दुनिया की गारंटी है। और बताया कि विश्व समुदाय को भी कहूंगा, हमारी घोषित नीति रही है, अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो टेरेरिज्म पर ही होगी, अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो पाकिस्तान ऑक्यूपाइड कश्मीर, पीओके पर ही होगी।

मोदी ने सही ही कहा कि आज बुद्ध पूर्णिमा है। भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया है। शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है। मानवता, शांति और समृद्धि की तरफ बढ़े, हर भारतीय शांति से जी सके, विकसित भारत के सपने को पूरा कर सके, इसके लिए भारत का शक्तिशाली होना बहुत जरूरी है, और आवश्यकता पड़ने पर इस शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है। और पिछले कुछ दिनों में, भारत ने यही किया है। और बात साफ है कि पाकिस्तान ने बुद्ध को क्रुद्ध किया तो फिर युद्ध, युद्ध और युद्ध के द्वारा भारत की सेनाएं पाकिस्तान को कब्रिस्तान में बदल देंगी…।