IITian बाबा अभय सिंह ने रचाई शादी, महाशिवरात्रि पर किया था विवाह

200

IITian बाबा अभय सिंह ने रचाई शादी, महाशिवरात्रि पर किया था विवाह

महाकुंभ में चर्चा बटोरने वाले अभय सिंह उर्फ ‘आईआईटी बाबा’ अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं। उन्होंने फरवरी में कर्नाटक की इंजीनियर प्रतीका से विवाह किया और शादी के बाद पहली बार दोनों साथ नजर आए।प्रयागराज महाकुंभ में अपने अनोखे व्यक्तित्व और आध्यात्मिक जीवनशैली के कारण चर्चा में आए IITian बाबा अभय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनकी निजी जिंदगी को लेकर खबर सामने आई है। अभय सिंह ने हाल ही में अपनी शादी का खुलासा किया है।

सोमवार को हरियाणा के झज्जर में अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ नजर आए। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्थित अघंजर महादेव मंदिर में विवाह किया था। इसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की। अभय सिंह ने बताया कि वह और उनकी पत्नी प्रतीका अपनी नई जिंदगी को सादगी के साथ जी रहे हैं और काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि प्रतीका मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। फिलहाल दोनों हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रह रहे हैं।

झज्जर दौरे के दौरान अभय सिंह अपने परिवार और माता-पिता से मिलने पहुंचे। इस दौरान वह भगवा वस्त्रों में अपने पिता के चैंबर में गए और पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिक जीवन अपनाने से पहले वह अपने पिता के साथ बैठकर कानूनी कार्यों को समझा करते थे। जीवन के गहरे अर्थ की खोज ने उन्हें विज्ञान और तकनीक की दुनिया से आध्यात्म की ओर प्रेरित किया। अभय की पत्नी प्रतीका ने उन्हें एक सरल, ईमानदार और सच्चा इंसान बताया। उन्होंने कहा कि दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी और अब वे मिलकर सनातन धर्म और अध्यात्म के प्रचार-प्रसार का काम करेंगे। दोनों ने भविष्य में ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ स्थापित करने की योजना भी साझा की है, जहां आध्यात्म से जुड़े लोग एक मंच पर आ सकें।

अभय सिंह हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव के निवासी हैं। उनके पिता कर्ण सिंह पेशे से वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। अभय ने IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में कनाडा की एक एयरोस्पेस कंपनी में काम किया, जहां उन्हें करीब 3 लाख रुपये मासिक वेतन मिलता था। हालांकि, उन्होंने यह सब छोड़कर आध्यात्मिक मार्ग को अपनाया। महाकुंभ 2025 के दौरान साधु वेश में सामने आने के बाद अभय सिंह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए थे। एक सफल इंजीनियर से आध्यात्मिक साधक बनने तक का उनका सफर देश-विदेश में चर्चा का विषय बना रहा।