

Illegal Immigrants Reach Amritsar : अमेरिका से 104 अवैध अप्रवासियों को लेकर सैन्य विमान अमृतसर में उतरा!
इन अवैध अप्रवासियों में गुजरात और हरियाणा के सबसे अधिक लोग!
Amritsar : भारत के अवैध अप्रवासियों को लेकर यूएस एयरफोर्स का पहला सी-17 ग्लोबमास्टर आज दोपहर पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। यह विमान 104 भारतीय नागरिकों को लेकर अमृतसर पहुंचा। इसमें 11 चालक दल के सदस्य और 45 अमेरिकी अधिकारी सवार थे। विमान 4 फरवरी को सुबह 3 बजे टेक्सास के सैन एंटोनियो से रवाना हुआ था और आज दोपहर अमृतसर में उतरा।
अमेरिका के सैन्य विमान में सवार यात्रियों में हरियाणा, गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और चंडीगढ़ के भारतीय नागरिक शामिल है। सबसे अधिक 33-33 निर्वासित लोग गुजरात और हरियाणा के हैं। पंजाब से 30, तीन महाराष्ट्र से और दो-दो उत्तर प्रदेश व चंडीगढ़ से हैं। इनमें 25 महिलाएं, 12 नाबालिग और एक चार वर्षीय बच्चा भी शामिल है। 48 निर्वासित 25 साल से कम के हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव प्रचार में के दौरान ही अवैध अप्रवासियों पर नकेल कसने का वादा किया था। इसके बाद 20 जनवरी को शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया था। भारत ही नहीं, प्रवासियों को लेकर अमेरिकी सैन्य विमान ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास भी भेजे जा चुके हैं
अमेरिका ने पहली बार सैन्य विमान तैनात किए
यह पहली बार है, जब अमेरिका ने अवैध अप्रवासियों को वापस भेजने के लिए सैन्य विमान तैनात किए। जेट इंजन का उपयोग करने वाले सी-17 ग्लोबमास्टर में शौचालय की व्यवस्था है और अमेरिकी सैनिकों की आवाजाही के लिए सीटों की व्यवस्था की गई है। अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा था कि संयुक्त राज्य अमेरिका अपनी सीमा और आव्रजन कानूनों को सख्ती से लागू कर रहा है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि अभी विशिष्ट विवरण साझा नहीं किए जा सकते हैं।
पंजाब के इन जिलों के अप्रवासी
पंजाब के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राज्य से निर्वासित ज्यादातर लोग गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, नवांशहर, पटियाला, मोहाली और संगरूर के हैं। उन्हें टेक्सास के सैन एंटोनियो से उड़ान भरने वाले सी-17 विमान से वापस भेजा गया। यह अवैध अप्रवासियों के निर्वासन का पहला दौर था।