रिटायर्ड शिक्षक के घर गैस सिलेंडरों का अवैध भंडार: प्रशासन की छापेमारी में खुलासा!

घरेलू गैस की किल्लत के बीच SDM, तहसीलदार, पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

39

रिटायर्ड शिक्षक के घर गैस सिलेंडरों का अवैध भंडार: प्रशासन की छापेमारी में खुलासा!

 

छतरपुर: छतरपुर शहर की विश्वनाथ कॉलोनी में देर रात घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर छापा मारकर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

IMG 20260311 WA0033

जानकारी के अनुसार शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच प्रशासन को सूचना मिली कि विश्वनाथ कॉलोनी में रहने वाले एक रिटायर्ड शिक्षक, जिन्हें स्थानीय लोग अहिरवार सर के नाम से जानते हैं, उनके घर में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।

 

*●प्रशासनिक टीम और पुलिस बल मौके पर..*

कार्रवाई के दौरान एसडीएम और तहसीलदार कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की तलाशी ली तो अंदर बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर रखे हुए मिले। इसके बाद प्रशासन ने सिलेंडरों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की और उनकी गिनती की गई। मौके पर 25 सिलेंडरों में से 22 सिलेंडर खाली थे और 3 सिलेंडर भरे हुए पाये गये। मामले में तलाश और जांच जारी है।

 

अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों का इस तरह भंडारण करना नियमों के खिलाफ है और इससे गैस की कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन यह जांच कर रहा है कि इतने सिलेंडर किस उद्देश्य से जमा किए गए थे और इन्हें कहां से लाया गया था।

 

*-जमाखोरी की आशंका, कार्रवाई जारी..*

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले में गैस एजेंसियों से भी जानकारी ली जाएगी। यदि अवैध भंडारण या कालाबाजारी की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी की खबर फैलते ही विश्वनाथ कॉलोनी में लोगों की भीड़ लग गई। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।