2019 में इन 6 सीटों पर 75 प्रतिशत वोटिंग लेकिन इस बार यह आंकड़ा 67 प्रतिशत पर सिमट गया!

133

2019 में इन 6 सीटों पर 75 प्रतिशत वोटिंग लेकिन इस बार यह आंकड़ा 67 प्रतिशत पर सिमट गया!

भोपाल.  गर्मियों के मौसम ने मध्यप्रदेश में पहले चरण में छह लोकसभा सीटों पर खड़े दिग्गजों के क्षेत्र में मतदान का गणित गड़बड़ा दिया है। इस बार पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा सभी छह सीटों पर मतदान का प्रतिशत कम हो गया है। पिछले चुनाव में छह सीटों पर 75 प्रतिशत वोटिंग हुई थी तो इस बार यह आंकड़ा 67 प्रतिशत पर सिमट गया है। इस बार आठ फीसदी वोटिंग कम हुई है। छह लोकसभा सीटों में सीधी में सबसे कम और छिंदवाड़ा में सबसे अधिक मतदान हुआ है। सीधी में तो पिछले बार की अपेक्षा 14.41 प्रतिशत मतदान कम हुआ है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में भी वे अपने बेटे नकुलनाथ के लिए ज्यादा मतदान नहीं करा पाए। यहां मतदान का प्रतिशत पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा 3.24 प्रतिशत कम हो गया है।

बालाघाट में पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार 4.47 फीसदी मतदान घटा है। यहां भाजपा ने भारती पारधी और कांग्रेस ने सम्राट अशोक सिंह सरस्वार को मैदान में उतारा है। बसपा से कंकर मुंजारे यहां मैदान में है।

मंडला में 5.30 प्रतिशत मतदान कम हो गया है यहां भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और कांग्रेस ने ओंकार सिंह मरकाम को चुनाव मैदान में उतारा है। शहडोल में 11.03 फीसदी मतदान कम हुआ है। यहां भाजपा ने हिमाद्री सिंह को चुनाव लड़ाया है तो वहीं कांग्रेस ने फुंदेलाल मार्को को मैदान में उतारा है। बसपा से यहां धनीराम कौल मैदान में है। जबलपुर में पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार 8.94 प्रतिशत मतदान कम हुआ है। भाजपा ने यहां आशीष दुबे को उम्मीदवार बनाया है तो कांग्रेस ने यहां दिनेश यादव को मैदान में उतारा है। यहां बसपा के टिकिट पर राकेश चौधरी मैदान में है।

छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रतिष्ठा दाव पर है। छह लोकसभा सीटों में यहां मतदान का प्रतिशत सर्वाधिक रहा है लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा यहां 3.24 प्रतिशत मतदान कम हुआ है। भाजपा ने यहां बंटी साहू को मैदान में उतारा है। सीधी लोकसभा सीट पर छह लोकसभा सीटोें में सबसे कम मतदान हुआ है। यहां भाजपा से नया चेहरा राजेश मिश्रा के रुप में मैदान में है तो कांग्रेस ने यहां पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। सीधी में पिछले बार से 14.41 फीसदी मतदान कम हो गया है। यहां बसपा के पूजन राम साकेत भी मैदान में है।