![WhatsApp Image 2022-09-28 at 5.27.21 AM](https://mediawala.in/wp-content/uploads/2022/09/WhatsApp-Image-2022-09-28-at-5.27.21-AM-696x391.jpeg)
हेमंत पाल की खास रिपोर्ट
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उज्जैन में कैबिनेट की बैठक करके इतिहास बना दिया। ये पहला मौका है, जब पूरी सरकार महाकाल की नगरी में पहुंची और उज्जैन के हित में कई फैसले लिए। वास्तव में राजनीति में यह बिल्कुल नया और अनोखा प्रयोग है जो शिवराज-सरकार ने किया। इसे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकना भी माना जा सकता है। अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्जैन आमंत्रित करके इसी चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने की कोशिश होगी।
शिवराज सिंह का ये कदम कुछ वैसा ही है, जैसा दिसम्बर 2021 में वाराणसी में हुआ था। वहां भी प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव जितवाने का अभियान शुरू किया था। वाराणसी में प्रधानमंत्री ने लगभग 339 करोड़ की लागत से बने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के पहले चरण का उद्घाटन किया था। यही सब उज्जैन में महाकाल मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर किया गया। दो अलग राज्य, अलग हालात, दोनों मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में लंबा अंतर, पर दोनों शहरों में भगवान शंकर ही बैठे हैं। योगी आदित्यनाथ के लिए यह सब दूसरे कार्यकाल के लिए किया गया और शिवराज सिंह के लिए यह प्रयास पांचवे कार्यकाल के लिए हो रहा है।
भाजपा की महाकाल के प्रति आस्था हमेशा रही है और इसे दर्शाया भी जाता रहा! मुख्यमंत्री शिवराजसिंह हर बार चुनाव से पहले जो ‘जनआशीर्वाद यात्रा’ निकालते रहे हैं और उसकी शुरुआत यहीं से होती रही है। 2008 से शुरू हुई इन यात्राओं में स्वयं शिवराजसिंह को 2008 और 2013 ले तो सफलता मिली, पर 2018 में सफलता मिलने में थोड़ा विलम्ब हुआ। इस बार उन्होंने महाकाल की स्तुति काफी पहले शुरू कर दी और कैबिनेट की बैठक और प्रधानमंत्री की यात्रा उन्हीं कोशिशों का हिस्सा है। इसलिए निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि शिवराज महाकाल के दरबार में धोक देकर 2023 के विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते है। इस शहर को बहुसंख्यक समाज का वोट बैंक माना जाता है। उज्जैन से शुरुआत करने पर मालवा क्षेत्र की 29 सीटों पर सीधा प्रभाव पड़ता है। आरएसएस भी भाजपा को यहीं सलाह देती है, कि धार्मिक महत्व वाले इस शहर से चुनाव अभियान वोटरों को रिझाने के लिए सही है।
उज्जैन को चुनाव अभियान की शुरुआत के लिए चुनने के कई कारण गिनाए जा सकते है। इनमें कुछ धार्मिक हैं, कुछ विश्वास से जुड़े हुए। उज्जैन में एकमात्र दक्षिणमुखी ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर है। सिंहस्थ की नगरी होने से यहां का ज्योतिष, धार्मिक व काल गणना के रूप में विशिष्ट महत्व है। यहां से हुई शुरुआत में आस्था की झलक भी होती है, जिसका लाभ चुनाव में मिलने का भरोसा बनता है। भाजपा को इस अभियान में लगातार तीन बार (2003, 2008 और 2013) सफलता मिली, पर चौथी बार (2018) सफलता तो मिली पर सवा साल बाद।
शिवराज मंत्रिमंडल की बैठक में सिर्फ उज्जैन को लेकर बात हुई। इसलिए भी कि बैठक में महाकाल भगवान स्वयं कुर्सी पर मौजूद रहे। जिस प्रमुख कुर्सी पर मुख्यमंत्री बैठते हैं, वहां महाकाल का फोटो रखा गया था। उसके दोनों तरह मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री विराजमान थे। कैबिनेट बैठक के इतिहास में संभवत पहली बार ऐसा हुआ है। कैबिनेट के फैसलों में प्रमुख था महाकाल कॉरिडाेर का नाम ‘महाकाल लोक’ किया जाना। महाकाल पुलिस बैंड में संख्या बढ़ाया जाना। शिप्रा नदी के किनारे को अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट की तरह विकसित किया जाना और शिप्रा के जल प्रवाह को अनवरत बनाए रखने के लिए नवीन जल संरचनाएं विकसित करना। इसके अलावा उज्जैन में हवाई पट्टी के विस्तार की बात भी बात कही गई। महाकाल कॉरिडोर परियोजना दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण 351.55 करोड़ का और दूसरा 310.22 करोड़ का होगा। सरकार की आस्था का चरमोत्कर्ष इतना था कि मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब महाकाल महाराज करवा रहे हैं, हम सब तो निमित्त मात्र हैं।
महापौर चुनाव से मिले इशारे
इस सबके बावजूद यदि महापौर चुनाव को विधानसभा चुनाव का पूर्वाभास माना जाए तो भाजपा की जमीनी स्थिति बहुत अच्छी दिखाई नहीं देती। कांग्रेस उम्मीदवार को मिले जन समर्थन ने भाजपा की चिंता बढ़ा जरूर दी है। राजनीतिक समझ वालों का कहना है, कि यदि भाजपा को 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतना है, तो कार्यकर्ताओं और जनता का विश्वास जीतने के लिए ज्यादा मेहनत करना होगी। इसका सीधा प्रमाण है कि यहां से भाजपा का महापौर उम्मीदवार मात्र 736 वोट से चुनाव जीता। भाजपा ने मुश्किल से महापौर को जिता तो लिया। लेकिन, उसके पार्षद 54 में से केवल 37 ही जीते! भाजपा उज्जैन की मुस्लिम इलाके की 7 सीटों समेत 17 सीटें हार गई। उसकी सबसे बड़ी हार उज्जैन-उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में हुई। इसके कारण जो भी हों, पर विधानसभा चुनाव में भाजपा को यहां कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिलने के आसार लगाए गए हैं।
उज्जैन जिले में पिछले (2018) चुनाव के नतीजों को देखा जाए तो वे भी भाजपा के लिए संतोषजनक अच्छे नहीं रहे थे। 2013 में सातों विधानसभा सीटें जीतने वाली भाजपा यहां 4 सीटें हार गई थी। भाजपा के उज्जैन में जोर लगाने का एक बड़ा कारण यह भी है कि वो अगले चुनाव में कोई रिस्क लेने के मूड है। फिलहाल की शिवराज सरकार कैसे बनी, ये सच्चाई किसी से छुपी नहीं है। यदि ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत नहीं होती, तो फिर से भाजपा सरकार बनना आसान नहीं था। पर, जैसे भी सरकार बनी, बन गई! पर, इस चुनावी सफलता को यदि 2023 के चुनाव में भी जारी रखना है, तो एड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा। देखा जाए तो जो कोशिशें शुरू हुई उनका इशारा उसी तरफ है। देखना है कि आगामी चुनाव में भगवान महाकाल किसका साथ देते हैं।
![images 2024 06 21T213502.6122 images 2024 06 21T213502.6122](https://mediawala.in/wp-content/uploads/2021/09/images-2024-06-21T213502.6122-120x120.jpeg)
हेमंत पाल
चार दशक से हिंदी पत्रकारिता से जुड़े हेमंत पाल ने देश के सभी प्रतिष्ठित अख़बारों और पत्रिकाओं में कई विषयों पर अपनी लेखनी चलाई। लेकिन, राजनीति और फिल्म पर लेखन उनके प्रिय विषय हैं। दो दशक से ज्यादा समय तक 'नईदुनिया' में पत्रकारिता की, लम्बे समय तक 'चुनाव डेस्क' के प्रभारी रहे। वे 'जनसत्ता' (मुंबई) में भी रहे और सभी संस्करणों के लिए फिल्म/टीवी पेज के प्रभारी के रूप में काम किया। फ़िलहाल 'सुबह सवेरे' इंदौर संस्करण के स्थानीय संपादक हैं।
संपर्क : 9755499919
[email protected]