मोदीजी के मन में मैं नहीं हम का भाव, अतः जनभागीदारी से खड़ा किया विकास का नया मॉडल,बोले वि.अ.नरेंद्र तोमर

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.सरताज सिंह स्मृति संगोष्ठी में वक्ताओं ने बताया उनको जनभागीदारी से विकास के नए आयाम रचने वाला जननायक, जनभागीदारी से क्षेत्र के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका विषय पर हुई संगोष्ठी में सांसद दर्शन सिंह,सूत्रधार विधायक डॉ शर्मा ने भी किया संबोधित

1234

मोदीजी के मन में मैं नहीं हम का भाव, अतः जनभागीदारी से खड़ा किया विकास का नया मॉडल,बोले वि.अ.नरेंद्र तोमर

*इटारसी से संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की विशेष रिपोर्ट* ….

इटारसी। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर स्व. सरताज सिंह स्मृति संगोष्ठी में मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में शरीक हुए और स्व सरताज सिंह के द्वारा नपा अध्यक्ष से लेकर केंद्रीय मंत्री की अपनी भूमिका में जनभागीदारी से किए गए क्षेत्र के विकास के भागीरथी प्रयासों की पृष्ठभूमि में जनभागीदारी के माध्यम से क्षेत्र के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका विषय पर अपने विचार रखे।

IMG 20241016 WA0064

 

इस अवसर पर नर्मदापुरम,नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं आयोजन समिति के संयोजक,सूत्रधार स्थानीय विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा, सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, स्व.सरताज सिंह की धर्म पत्नी गुरमीत कौर और उनके भ्राता सुरेंद्रपाल सिंह,पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल, मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नर्मदापुरम नपा अध्यक्ष नीतू यादव, भाजपा नेता व नपा में विधायक प्रतिनिधि जगदीश मालवीय,राजेंद्र सिंह टीटू सलूजा भी विशेष रूप से उपस्थित थे। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने अपने उद्बोधन में कहा कि निश्चय ही जनभागीदारी से क्षेत्र के विकास कार्यों को नए आयाम दिए जा सकते हैं। साथ ही जनभागीदारी से किए गए कार्यों से स्थानीय लोगों का उन कार्यों के प्रति नैतिक दायित्व और एक सहज आत्मीय लगाव भी हो जाता है,साथ ही पूरी पारदर्शिता भी बनी रहती है। खासकर शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनभागीदारी से कई बड़े कार्यों को आसानी से साकार किया जा सकता है। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में जनभागीदारी से विकास के नए मॉडल को जमीन पर उतारा गया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज व्यवस्था में जनभागीदारी का समावेश भी काफी अधिक बढ़ाया गया है। श्री तोमर ने कहा कि कोरोना के भीषण संकटकाल में भी पी एम द्वारा जनता को साथ लेकर चलने के कारण, मोदी जी के नेतृत्व में पूरे भारत ने विजय प्राप्त की है। श्री मोदी के भीतर मैं का भाव ही नहीं है, बल्कि हम का भाव है, और इसीलिए उनके हर कार्य में जन सहभागिता परिलक्षित होती है।

IMG 20241016 WA0062

उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्रित्व काल में भी जनभागीदारी की कई अनूठी मिसाल प्रदेश में प्रस्तुत हुईं। उन्होंने अलग-अलग पंचायतें करके सरकार की नीतियों में जनभागदारी को बढ़ाया। श्री तोमर ने कहा कि पवित्र उद्देश्य और व्यक्तिगत विश्वसनीयता के साथ किए गए प्रत्येक कार्य में सफलता अवश्य मिलती है। इसलिए जरूरी है सबसे पहले प्रत्येक व्यक्ति और संस्था को अपनी साख निर्मित करने की। यह साख आपके चरित्र और आपकी कार्य पद्धति से बनती है। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने अपने ठेठ ग्रामीण अंचली अंदाज में ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मुझे शिवराज सिंह और सरताज सिंह दोनों के जनभागीदारी से विकास कार्यों को निकट से देखने का सौभाग्य मिला। उन्होंने पी एम आवास योजना को जनभागीदारी का एक शानदार उदाहरण बताया। प्रारंभ में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, विधायक और कार्यक्रम संयोजक/सूत्रधार डॉ.सीतासरन शर्मा ने सरताज सिंह के साथ अपने संस्मरणों को विस्तार से बयान करते हुए संगोष्ठी की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरताज सिंह की सरलता को एक उदाहरण से रेखांकित करते कहा कि जब मैं गुरुनानक फ्री डिस्पेंसरी में एक चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं देता था तो सरताज जी भी मेरे साथ होते थे और कई बार वे मेरे सहायक की भूमिका निभाने में भी कोई संकोच नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि जहां तक उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की बात है तो वह तो मैने अपनी पार्टी के आदेश पर,अपनी विचारधारा और सिद्धांतों के चलते सँझले भैया के खिलाफ भी लड़ा पर उसका यह तात्पर्य नहीं होता कि मैने इन दोनों व्यक्तित्वों के प्रति अपने सम्मान,अपने विश्वास के भाव से कोई समझौता किया हो।

IMG 20241016 WA0061

आभार प्रदर्शन नपा अध्यक्ष इटारसी पंकज चौरे ने अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सम्पूर्ण लोकसभा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और सरताजसिंह से जुड़े भाजपा के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद श्री तोमर ने मीडिया से बात करते हुए अपने अनुभवों के आधार पर स्व सरताज सिंह की सरलता और उनके सांसद रहते हुए राजनीति में खुद को लो प्रोफाइल रखने के भाव को रेखांकित किया। जाते जाते श्री तोमर विश्राम गृह भी रुके और अपने युवा मोर्चा के समय के पुराने साथी सहयोगी रहे संदेश पुरोहित सहित उपस्थित सभी भाजपा नेताओं,कार्यकर्ताओं से आत्मीयता पूर्वक मिले। उसके बाद वे ट्रेन द्वारा रात में ग्वालियर के लिए रवाना हुए। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर कार्यक्रम के सूत्रधार डॉ सीतासरन शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा के स्थानीय नेता उनको बिदा करने उपस्थित थे।