Indore-Goa New Flight : गोवा के लिए इंदौर से तीसरी फ्लाइट अक्टूबर से शुरू

सुबह 8.55 बजे उड़ान भरेगी, तीन कैटेगरी में फ्लाइट की बुकिंग शुरू!

388

Indore-Goa New Flight : गोवा के लिए इंदौर से तीसरी फ्लाइट अक्टूबर से शुरू

 

Indore : यहां से गोवा के लिए 26 अक्टूबर से एक और सीधी फ्लाइट शुरू हो रही है। इंडिगो की यह फ्लाइट इंदौर से गोवा के लिए दूसरी और इंदौर से तीसरी सीधी फ्लाइट होगी। फ़िलहाल इंडिगो के अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की भी इंदौर से गोवा की सीधी उड़ान है।

ट्रैवल एजेंट्स ऑफ इंडिया के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने नई फ्लाइट की जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर से गोवा जाने वाले यात्रियों को अब एक और विकल्प मिल गया। खास बात यह है कि यह सुबह की फ्लाइट है, जिससे यात्रियों को अधिक लाभ मिलेगा। यह फ्लाइट इंदौर से सुबह 8:55 बजे उड़ेगी और 10:35 बजे गोवा पहुंचेगी। वापसी में गोवा से सुबह 11:05 बजे उड़ेगी और इंदौर पहुंचने का समय दोपहर 12:55 बजे होगा।

जादौन ने बताया कि इंदौर से गोवा की यात्रा पूरे साल चलती है। पहले लोग मानसून के दौरान गोवा जाना पसंद नहीं करते थे। लेकिन, अब ट्रेंड बदल गया है। सीजन के दौरान तो कई बार एक तरफ का किराया 20,000 रुपए तक पहुंच जाता है। कोविड से पहले एयर एशिया भी इंदौर से गोवा के लिए फ्लाइट संचालित करती थी, लेकिन बाद में यह सेवा बंद कर दी गई थी।

तीन कैटेगरी में बुकिंग शुरू
फ्लाइट 6E314 (सुबह 8:55 वाली फ्लाइट) की बुकिंग इंडिगो ने तीन किराया कैटेगरी में शुरू की है। सेल फेयर 5,030 रू, फ्लेक्सी प्लस फेयर 5,466 रू और सुपर 6ई फेयर 6,710 रू है। इंदौर से गोवा के लिए इंडिगो की दोपहर 12:30 बजे वाली फ्लाइट में किराया इस प्रकार है। सेवर फेयर 8,915 फ्लेक्सी प्लस फेयर 9,548 और सुपर 6ई फेयर 10,490 है।

जबकि, एयर इंडिया एक्सप्रेस इंदौर से नॉर्थ गोवा के मनोहर पर्रिकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान संचालित करती है। इसका शेड्यूल इस प्रकार है। गोवा से इंदौर सुबह 10:05 बजे प्रस्थान, सुबह 11:40 बजे आगमन, इंदौर से गोवा दोपहर 12:20 बजे प्रस्थान, दोपहर 3:45 बजे आगमन। इसका किराया लगभग 5,000 रु है। वहीं, इंडिगो की दोनों उड़ानें (दोपहर 12:30 और सुबह 8:55 वाली) साउथ गोवा के डेंबोलिंब एयरपोर्ट के लिए संचालित होती हैं।