Indore Weather : इंदौर में राहत की बारिश का लंबा दौर, कई इलाकों में जाम के हालात, मौसम में ठंडक!

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से शुरू भारी बारिश रविवार तक जारी रहने की संभावना!

1168

Indore Weather : इंदौर में राहत की बारिश का लंबा दौर, कई इलाकों में जाम के हालात, मौसम में ठंडक!

इंदौर। शुक्रवार को दिनभर गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को शाम होते-होते राहत मिली। शाम 6 से अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई, इसके बाद देर रात तक रिमझिम फुहारें चलती रहीं जो शनिवार को भी जारी है। इससे मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में शनिवार और रविवार को भारी बारिश होने की संभावना बताई गई है। इस बार सप्ताह के अंत में इंदौर वर्षा से तरबतर होगा।

शाम को अचानक बादल छाए और झमाझम बारिश ने शहर तरबतर किया। बंगाली, पलासिया, मूसाखेड़ी व भंवरकुआं क्षेत्र में तेज बौछारों से सड़कों पर जलजमाव हुआ। वहीं रात 11 बजे तक शहर में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम पानी गिरा। शुक्रवार को पश्चिमी हिस्से के मुकाबले पूर्वी हिस्से में बारिश ज्यादा मेहरबान रही। इस बार सप्ताह के अंत में इंदौरवासी वर्षा से तरबतर होंगे। जुलाई में पहली बार शहर में झमाझम बरसात का नजारा देखने को मिला।

इंदौर में सावन के महीने में पहली बार शुक्रवार शाम से देर रात तक बारिश की झड़ी लगी रही। इस कारण कई चौराहों पर जलजमाव और सिग्नल खराब हो गए। कई चौराहों पर घुटनों तक पानी भरने से दो एवं चार पहिया वाहन बंद हो गए। इससे वाहनों की कतारें लग गई। करीब तीन से चार घंटे तक प्रमुख चौराहों पर जाम में वाहन चालक फंसे रहे। यातायात सुधारने के प्रयास भी काम नहीं आए। जंजीरवाला, एलआईजी, पलासिया, गिटारवाला, घंटाघर, हाई कोर्ट, गीताभवन, आइटी पार्क, तीन इमली, भंवरकुआं चौराहों पर ज्यादा जाम लगा। पलासिया से घंटाघर, घंटाघर से गीताभवन और गीताभवन से पलासिया की ओर वाहन फंसे रहे। रीगल से पलासिया, पलासिया से गीता भवन, भंवरकुआं से नौलखा, नौलखा से तीन इमली तक जाम रहा।

WhatsApp Image 2025 07 26 at 11.30.16 AM

जुलाई में अब तक इंदौर में मानसून की रफ्तार सुस्त रही है। 25 दिन बीतने के बावजूद महज 2 इंच बारिश हुई, जबकि सामान्य लक्ष्य को पूरा करने के लिए 8 इंच और बारिश की जरूरत है। शुक्रवार को 6 घंटे में सवा 2 इंच बारिश दर्ज की गई। जबकि, पूरे मानसून सीजन में अब तक कुल साढ़े 7 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, गुरुवार को दिन का तापमान गिरकर 26.4 डिग्री पर आ गया था। रात का तापमान शुक्रवार को 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है।

WhatsApp Image 2025 07 26 at 11.30.05 AM

शहर के कई इलाकों में पानी भरा
एमजी रोड पर इंद्रप्रस्थ टॉवर, विजयनगर से पलासिया तक, कनाडिया रोड, राजवाड़ा, मालगंज और अन्य कई व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक रुक-रुक कर चला या जाम लगा। ट्रैफिक का लोड ज्यादा और निर्माण कार्य के कारण जाम की स्थिति गंभीर हो गई। सड़कों पर पानी भरा होने से दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।