Installment Awaited : सैकड़ों लाड़ली बहनों को दूसरी, तीसरी किश्त का इंतजार!

दो किश्तों का इंतजार कर रही महिलाएं 3 हजार से ज्यादा!  

636

Installment Awaited : सैकड़ों लाड़ली बहनों को दूसरी, तीसरी किश्त का इंतजार!

 

Indore : जिले की सैकड़ों महिलाओं के अकाउंट में लाड़ली बहना योजना की सिर्फ एक किश्त ही पहुंची है। ये महिलाएं दूसरी और तीसरी किश्त का इंतजार कर रही हैं। इसके लिए इन्होंने कई बार बैंक के चक्कर लगाए।

बैंकों का कहना है कि महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। दूसरी और तीसरी किश्त की धनराशि नहीं मिलने से महिलाओं में निराशा का भाव है। जानकारी अनुसार लाड़ली बहना योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। जिले से इस योजना के लिए सर्वाधिक 4 लाख 40 हजार फॉर्म जमा किए गए हैं। योजना को सफल बनाने के लिए न सिर्फ सरकारी अमले बल्कि बैंक कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कर्मचारियों ने भी महती भूमिका निभाई है।

बताया जा रहा है कि इसके बाद भी जिले की सैकड़ों महिलाओं के बैंक अकाउंट में सिर्फ एक ही किश्त पहुंची है। उसके बाद न तो दूसरी किश्त आयी और न ही तीसरी। अगर आंकड़ों पर गौर करें तो पाएंगे कि ऐसी महिलाओं की संख्या तीन हजार से भी ज्यादा है। बताया तो यह भी जा रहा है कि ये सभी महिलाएं योजना के लिए पात्र हितग्राही हैं, यदि पात्र नहीं होती तो एक किश्त भी क्यों आती। कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत के बाद योजना का फॉर्म जमा किया। दिनभर लाइन में लगकर बैंक में डीबीटी करवाया, लेकिन इसके बाद भी उन्हें योजना का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है।