सागर पुलिस जोन का अतिरिक्त प्रभार मिल सकता है जबलपुर आईजी को प्रमोद वर्मा को

59

सागर पुलिस जोन का अतिरिक्त प्रभार मिल सकता है जबलपुर आईजी को प्रमोद वर्मा को

भोपाल. सागर जोन आईजी का अतिरिक्त प्रभार जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा को सौंपा जा सकता है। दरअसल, सागर जोन की आईजी हिमानी खन्ना के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद आज रिक्त हो रहा है। ऐसे में जब तक नियमित आईजी की नियुक्ति नहीं होती, तब तक पास के जोन के वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त जिम्मेदारी देने की परंपरा के तहत यह व्यवस्था की जा रही है।

सूत्रों की मानी जाए तो गृह विभाग आईजी सागर के लिए सिंगल आर्डर जारी करने के पक्ष में नहीं हैं। आईपीएस अफसरों की एक बहुप्रतिक्षित तबादला सूची के साथ ही सागर के लिए नियमित आईजी या एडीजी को पदस्थ किया जाएगा। तब तक इस पुलिस जोन की व्यवस्था किसी दूसरे पुलिस जोन के अफसरों को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी जा सकती है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश के अन्य जोनों में आईजी पद खाली होने की स्थिति में अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था की जाती रही है, ताकि कानून-व्यवस्था पर किसी तरह का असर न पड़े। पिछले साल सितम्बर में रिटायर हुए आईजी शहडोल अनुराग शर्मा के बाद करीब चार महीने तक शहडोल रेंज का अतिरिक्त प्रभार भी जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा के पास ही था।