Jail Superintendent Suspend: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को विशिष्ट मुलाकात कराना पड़ा महंगा

राज्य शासन ने जारी किए सस्पेंशन के आदेश

695

Bhopal: राज्य शासन ने आज ग्वालियर के केंद्रीय जेल के जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके प्रतिनिधि गण और राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं को विचाराधीन बंदी से विशिष्ट मुलाकात कराने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है।                                              IMG 20220412 143131

राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि जेल अधीक्षक ने कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरती है जो गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है।

ज्ञात रहे कि 11 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं को ग्वालियर की केंद्रीय जेल में विचाराधीन बंदी से जेल में जाकर विशेष मुलाकात कराई गई।

मध्य प्रदेश जेल नियमावली के प्रावधानों के विपरीत की गई उक्त मुलाकात के दौरान जेल अधीक्षक की उपस्थिति को सरकार ने गंभीरता से लिया है।

गंभीर अपराध के विचाराधीन बंदी के साथ उपरोक्त मुलाकातों के फोटो लिए जाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। यह जेल नियमावली के खिलाफ है। ऐसी स्थिति में राज्य शासन ने मनोज कुमार साहू जेल अधीक्षक को कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जेल मुख्यालय भोपाल नियत किया गया है। उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।