JP Nadda : उज्जैन में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने महाकाल का अभिषेक किया

इंदौर के भाजपा कार्यालय में वही आएगा, जिसे बैठक में बुलाया गया

1182

Indore : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इंदौर से उज्जैन जाकर महाकाल के दर्शन किए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा उनके साथ रहे। नड्डा ने परंपरागत पोषाख में महाकाल का अभिषेक किया। इससे पहले आज सुबह करीब सवा घंटा देरी से नड्डा इंदौर पहुंचे। पार्टी अध्यक्ष का स्वागत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सहसंगठन मंत्री हितानंद शर्मा के साथ साथ स्थानीय नेताओं ने किया।

एयरपोर्ट से जेपी नड्डा सीधे उज्जैन रवाना हो गए थे। शाम को वे देवास होते हुए इंदौर पहुंचेंगे और भाजपा कार्यालय में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। बैठक के लिए कल रात से ही प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी और कोर कमेटी के सदस्य इंदौर पहुंच गए। प्रदेश के सभी बड़े नेता बैठक में शामिल होंगे। निगम-मंडल के अध्यक्षों के साथ-साथ भाजपा के स्थानीय नेताओं की परिचय बैठक भी होगी।

शाम 4 से 6 बजे के बीच भाजपा कार्यालय में होने वाली बैठक में संगठन की मजबूती, गुटबाजी रोकने और चुनाव के पहले की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी, वहीं बूथ विस्तारक और समर्पण निधि की जानकारी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ले सकते हैं। बैठक के बाद वे सीधे एयरपोर्ट रवाना हो जाएंगे, जहां से वे दिल्ली रवाना होंगे।

भाजपा कार्यालय को झंडे की थीम पर सजाया

पूरा शहर आज भाजपा के रंग में रंगा है। पार्टी कार्यालय को भाजपा के झंडे की थीम पर सजाया गया। बाहर एक पैसेज बनाया गया है। तल मंजिल पर नेताओं के साथ उनके सहायक और अन्य के बैठने की व्यवस्था की गई। पहली मंजिल पर बनाए गए नए हॉल में जेपी नड्डा बैठक लेंगे।

जाते समय निकलेगी स्वागत रैली

बैठक में शामिल होने के पहले भाजपा अध्यक्ष सुहास भगत के निवास से होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। इसी दौरान उनका स्वागत विभिन्न विधानसभा के नेताओं द्वारा किया जाएगा। उन्हें स्वागत रैली के रूप में लाया और ले जाया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्र पर में भी स्वागत

एयरपोर्ट से उज्जैन जाते हुए सुपर कॉरिडोर से बांगड़दा चौराहे तक महू विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, उसके बाद लवकुश चौराहे तक दो नंबर विधानसभा के मंचों से नड्डा का स्वागत हुआ। विधायक रमेश मेंदोला भी सुबह से सभी मंचों पर घूमते रहे। इसके बाद उज्जैन रोड पर सांवेर विधानसभा के मंच लगे थे। स्वागत की कमान खुद मंत्री तुलसी सिलावट और जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर ने संभाली थी।

भाजपा कार्यालय वही आएंगे, जिन्हें बुलाया गया 

भाजपा कार्यालय पर दोपहर से ही सख्ती हो गई। जेपी नड्डा शाम 5 बजे कार्यालय पहुंचेंगे। सामान्य लोगों के साथ-साथ उन भाजपा नेताओं को भी इंट्री नहीं दी जाएगी, जिन्हें नहीं बुलाया गया। केवल उन्हीं पदाधिकारियों को अंदर आने-जाने दिया जाएगा, जिन्हें काम सौंपे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी परिचय बैठक के बाद बाहर कर दिया जाएगा।