
जस्टिस संजीव सचदेवा बने मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश, राष्ट्रपति ने जारी किए आदेश
जबलपुर: मध्यप्रदेश हाई कोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को वरिष्ठ न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की नियुक्ति के आदेश जारी किए। जस्टिस सचदेवा इससे पहले हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे।
दिल्ली में जन्मे और वाणिज्य स्नातक रहे जस्टिस सचदेवा ने 1988 में दिल्ली बार काउंसिल में वकालत की शुरुआत की थी। जून 1995 में वे सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड बने और दो दशकों तक सुप्रीम कोर्ट व दिल्ली हाई कोर्ट के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के स्थायी वकील रहे। उन्होंने दिल्ली, रांची और आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट समेत कई जगह वकीलों को प्रशिक्षित भी किया।
17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायाधीश बने। 30 मई 2024 को उनका तबादला मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में हुआ, जहां वे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की भूमिका में भी रह चुके हैं।

मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त था, जिसे अब जस्टिस सचदेवा ने संभाल लिया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने पांच हाई कोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की है, जिसमें मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के लिए जस्टिस संजीव सचदेवा का नाम प्रमुख है।
न्यायिक सेवा में उनकी लंबी पारी, विविध अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए यह नियुक्ति न्यायपालिका के लिए अहम मानी जा रही है।





