
आज फिर कैबिनेट से नदारद दिखे कैलाश-प्रहलाद, मंत्रिमंडल से बाहर होने और दिल्ली वापसी के संकेत?
भोपाल: मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में आज दिनभर यह चर्चा होती रही कि मंत्रालय भोपाल में संपन्न कैबिनेट बैठक से दो दिग्गज मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल क्यों नदारद रहे। इससे पहले बड़वानी में संपन्न कैबिनेट में भी यह दोनों दिखाई नहीं दिए थे। इससे इस बात को बल मिल रहा है या यू कहें संकेत मिल रहे हैं कि क्या यह दोनों दिग्गज मंत्री कैबिनेट से बाहर होने वाले हैं?
मध्य प्रदेश में इन दिनों मंत्रिमंडल में फेर बदल की चर्चा जोरों से है। यह भी चर्चा है कि इस संभावित फेरबदल में मध्य प्रदेश के दो दिग्गज नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल की छुट्टी हो सकती है।
बता दे कि बड़वानी कैबिनेट बैठक के दो दिन पहले अमित शाह की कैलाश और प्रहलाद से दिल्ली में 1-2-1 बैठक हुई थी। दिल्ली में जिस दिन कैलाश और प्रहलाद की मुलाकात अमित शाह से हुई, उसी दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मुलाकात भी अमित शाह से हुई थी।
इन तीनों मुलाकात को अगर एक साथ जोड़कर देखा जाए तो उसका लब्बोलुआब यह निकलेगा कि कहीं ना कहीं कुछ अंदर ही अंदर ऐसा पक रहा है जिसका संबंध मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल से हो सकता है। यह भी चर्चा है कि संभावित फेर बदल के बाद इन दोनों दिग्गजों की दिल्ली में सम्मानजनक वापसी भी होगी। अब यह तो आने वाला समय ही बताया कि कैलाश और प्रहलाद क्यों कैबिनेट में भाग नहीं ले रहे हैं और इनकी अमित शाह से हुई सीक्रेट मीटिंग के भविष्य में क्या परिणाम निकलते हैं?





