Kamalnath PC : पोषण आहार घोटाले में शिवराज का नैतिक दायित्व, जबकि FIR तक नहीं!

कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा के आगामी सत्र में जोर-शोर से उठाएंगी 

706

Kamalnath PC : पोषण आहार घोटाले में शिवराज का नैतिक दायित्व, जबकि FIR तक नहीं!

Bhopal : शिवराज सरकार का पोषण आहार घोटाला सामने आ गया। AG की रिपोर्ट सामने आई कि किस प्रकार भ्रष्टाचार किया गया। यह सारी बातें रिपोर्ट में सामने आई है। यह विभाग CM शिवराज सिंह के पास है। जब यह घोटाला सामने आया तो नैतिकता के नाते उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। जिस मंत्री के विभाग में इस तरह का घोटाला हुआ हो और मासूम गरीब बच्चों से उनका जनक पोषण छिना जाए तो उसे पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह आरोप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस में लगाए।

उन्होंने कहा कि पोषण आहार घोटाले पर हम जनता का ध्यान आकर्षित करेंगे। सरकार इनकी है, इनको एक्शन लेना चाहिए। हम विधानसभा के आगामी सत्र में भी इस मामले को जोर-शोर से उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। इस घोटाले के सामने आने के दूसरे दिन ही इस पर शिवराज सिंह को जवाब देना था। एफआईआर भी दर्ज होना चाहिए थी लेकिन कुछ नहीं हुआ।

शिवराज सरकार में भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनी हुई है। पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनी है। मेरे पास इनके भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आ रहे हैं, उसे हम समय-समय पर उजागर करेंगे। ऐसा लग रहा है कि शिवराज सरकार में अगले 12 महीने घोटालों के रहेंगे। अगला साल ‘ईयर ऑफ घोटाला’ रहेगा। पिछले 18 सालों से इन्होंने घोटालो का सिस्टम बनाया हुआ है, अब पोल खुल रही है, इसका रोज खुलासा हो रहा है। रोज घोटाले हो रहे हैं और जनता इसकी गवाह है। किसानों को यूरिया और बीज नहीं मिल पा रहा और न सोसायटी को खाद मिल पा रहा है। हम आरोप पत्र और वचन पत्र तैयार कर रहे हैं जिसे समय पर जारी करेंगे। किसान कर्ज माफी हमारे वचन पत्र में पहले भी शामिल थी। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, हम तो कर्ज माफी का दूसरा चरण भी चालू कर चुके थे लेकिन हमारी सरकार गिरा दी गई।

 

‘भारत जोड़ों’ पर बीजेपी के पेट में दर्द क्यों

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी के पेट में क्यों दर्द हो रहा है। मेरे पास कोआर्डिनेशन की जवाबदारी है, उसे मैं निभा रहा हूं। राहुल गांधी जी भगवान महाकाल के मंदिर जाएंगे, उसी प्रकार जैसे हम लोग जाते हैं, वे वह भी जा रहे हैं। भाजपा का मंदिर दर्शन पर कोई पेटेंट थोड़ी है। 12 तारीख को विधायक दल की बैठक है ,उसमें कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

किसानों की बात करते हुए कमलनाथ ने कहा कि आज हर वर्ग परेशान है। खाद की बात हो, बीज की बात हो, जहां देखो वहां घोटाले हैं। पहले किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना नहीं पड़ता था, अब किसान खाद और बीज के लिए भटक रहा है। पिछले 2 साल से यही स्थिति है। किसान इस सच्चाई को देख रहा है। किसान पहले भी लहसुन, प्याज बोते थे, पर ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं होती थी। सरकार इसका जवाब क्यों नहीं देती! भाजपा खाद-बीज पर बात नहीं करती, भ्रष्टाचार और घोटालों पर बात नहीं करती, यह तो गुमराह करने वाले मुद्दों पर बात करते हैं। 17 तारीख को भाजपा एक बड़ा इवेंट करने जा रही है क्योंकि ये इवेंट करने में माहिर जो है।

 

नगर निकाय के लिए हम तैयार

46 नगर परिषद के चुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी है। सर्वे को लेकर झूठी खबरें उड़ाई जा रही है, जबकि हमने कोई सर्वे अभी तक नहीं किया है। इतने समय पहले सर्वे नहीं होता, सिर्फ गुमराह करने के लिए इस बात को हवा दी जा रही है। कमलनाथ ने कहा कि सरकार कितना भी पुलिस, प्रशासन, पैसे का दुरुपयोग कर ले, जनता इनकी हकीकत देख रही हैं।

प्रदेश के प्रभारी महासचिव बदले जाने के मुद्दे पर कमलनाथ ने कहा कि जयप्रकाश अग्रवाल जी को मध्य प्रदेश का नया प्रभारी बनाया गया है। मुकुल वासनिक जी के पास संगठन की और भी कई जवाबदारियां है। जेपी अग्रवाल जी के पास लम्बा अनुभव है ,वे सांसद रह चुके हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके है और उनके पास संगठन का बड़ा अनुभव है, उसका लाभ प्रदेश को मिलेगा।