कयामपुर को तहसील एवं नाहरगढ़ को नगर पंचायत बनाया जाएगा : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना सम्मेलन को किया संबोधित

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को दोपहर सीतामऊ कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में आने से पूर्व मुख्यमंत्री हेलीपैड़ से ई रिक्शा में बैठकर लाड़ली बहना सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री कलश यात्रा में शामिल हुए। इसके साथ ही कयामपुर सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना के लिए बनाए गए पाइप में प्रवेश कर कार्यक्रम में पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान 252 गांव से एकत्रित हुए कलश की पूजा की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सभी लाड़ली बहना का स्वागत पुष्प वर्षा करके किया। लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन के साथ किया। इस दौरान लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी भेट की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि कयामपुर सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना अंतर्गत जितने भी गांव छूटे हैं। उन सभी को इस परियोजना अंतर्गत शामिल किया जाएगा। साथ ही नाहरगढ़ को नगर पंचायत का दर्जा तथा कयामपुर को तहसील बनाया जाएगा। सभी लाड़ली बहनों को मंच पर चलते हुए सभी दिशाओं की ओर संबोधित करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री के रूप में नहीं बल्कि आप सभी के भाई के रूप में आपके बीच में आया हूं।

WhatsApp Image 2023 05 11 at 18.34.36

इस दौरान सभी बहनों को “फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है” गीत गाकर भी सुनाया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा राष्ट्रीय नेत्री श्रीमती पंकजा मुंडे (महाराष्ट्र) जिले के प्रभारी मंत्री तथा औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण विभाग के मंत्री हरदीप सिंह डंग, जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकासमंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर के वरिष्ठ विधायक यशपाल सिसोदिया, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया, पूर्व गृहमंत्री कैलाश चावला हुडको डायरेक्टर बंशीलाल गुर्जर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती प्रियंका गोस्वामी, पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया विनीत यादव प्रसून मंडलोई अन्य सभी जनप्रतिनिधि, कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक अन्य सभी अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में लाड़ली बहना, आम नागरिक, पत्रकार मौजूद थे।

WhatsApp Image 2023 05 11 at 18.34.36 1

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाडली बहना सम्मेलन में देर तक महिलाओं और उपस्थित जनों से सम्बोधित किया और लाभकारी योजनाओं और सुधार के बारे में बताया।

जमीन खरीदने पर बहनों को 1 प्रतिशत रजिस्ट्री शुल्क देनी होगी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को कहा कि अब महिलाओं के नाम से जमीन की रजिस्ट्री कराने पर रजिस्ट्री शुल्क 1 प्रतिशत देना होगा। उस कारण प्रदेश में 45 प्रतिशत रजिस्ट्री महिलाओं के नाम से होने लगी है। स्थानीय चुनाव में भी 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं को दी जा रही हैं।

WhatsApp Image 2023 05 11 at 18.34.38

10 जून से बहनों के खाते में लाड़ली बहना योजना के पैसे आना शुरू होंगे

आगामी 10 जून से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत लाड़ली बहना के खातों में पहली किस्त आना शुरू होगी। यह योजना बहनों के सशक्तिकरण के लिए बहुत अद्भुत योजनाएं हैं। पैसों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और परिवार में इज्जत भी बढ़ेगी। सास बहू में इससे प्रेम भी बढ़ेगा।

मंदसौर जिले में एक-एक इंच भूमि पर सिंचाई की व्यवस्था करेंगे

मंदसौर जिले की एक-एक इंच भूमि पर सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। मंदसौर जिले में कोई ऐसा क्षेत्र नहीं रहेगा जहां की भूमि सिंचित नहीं होगी। मंदसौर नीमच जिला खेती में नंबर वन बनेगा। डिफाल्टर किसानों का कर्जा सरकार भरेगी। इसके लिए 14 मई से 25 मई तक फार्म भरे जाएंगे।

हर बच्चे की राह आसान होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के सपने को मरने नहीं दिया जाएगा। हर बच्चों की राह आसान होगी। जिनको अंग्रेजी पढ़ाई समझ में नहीं आती थी। हमने तय किया है कि, अब मेडिकल की पढ़ाई भी अंग्रेजी के स्थान पर हिंदी में होगी। मेडिकल की पढ़ाई के लिए प्राइवेट एवं शासकीय स्कूलों के बच्चे जाते थे। शासकीय स्कूल के बच्चों के लिए हमने मेडिकल कॉलेजों में 5% सीटें रिजर्व कर दी है। इससे बच्चों की जिंदगी बदलेगी। इसके साथ ही बहुत से बच्चे स्कूलों में नहीं पढ़ पाते थे। इसके लिए हमने मंदसौर जिले में 7 सीएम राइज स्कूल बनाए हैं। अगले वर्ष से इन स्कूलों में बच्चों को बस ले जाएगी और वापस घर छोड़ेगी। जिन लोगों के पास में रहने के लिए जमीन नहीं है। उनको अलग से पट्टा देकर उसी भूमि पर मकान बना दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में 70 हजार पट्टे अब तक वितरित किए जा चुके हैं। जो जहां रह रहा है। उसको वहीं पर पट्टा मिलेगा। बिना पट्टे का कोई भी नहीं रहेगा।

16 मई से शुरू होगा सीएम जनसेवा अभियान अंतर्गत गांव गांव में शिविर

आगामी 16 मई से पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत गांव गांव में शिविर लगना शुरू होंगे। यह अभियान 31 मई तक चलेगा। इस अभियान में 15 विभागों की 67 सेवाओं को शामिल किया गया है। इसमें सभी छोटी-छोटी सेवाओं को लिया गया है। जो कैंप के माध्यम से लोगों को प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि 15 मई तक जिले में जितनी भी शिकायत है। उनका निराकरण करें। इसके लिए गांव-गांव में शिविर लगाए। 15 अप्रैल तक जिले में 6114 शिकायतें लंबित है। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन की 15 अप्रैल तक 3663 शिकायतें लंबित है। इन सभी शिकायतों का निराकरण कलेक्टर तुरंत करवाएं। 15 जुलाई तक विवादित बटवारा की शिकायतों का भी कलेक्टर एवं उनकी टीम मिलकर निराकरण करें। कोई काम शेष ना रखें। प्रत्येक काम जनता के हित में करें एवं जनता का हर काम होना चाहिए।

काम सीखने वालों को 8 हजार प्रतिमाह देंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों को भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा। बल्कि बेरोजगारों को रोजगार प्राप्त हो इसके लिए उन्हें हुनर सिखाई जाएगी। जो हुनर सीखेगा उन्हें 8 हजार रुपए प्रति माह प्रदान किए जाएंगे।

लाड़ली बहना सेना बनाई जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 बहनों की एक टीम बनेगी। जिसको लाड़ली बहना सेना नाम दिया जाएगा। यह टीम महिलाओं से जुड़ी जितनी भी योजनाएं हैं। उनका लाभ महिलाओं को प्रदान करेगी तथा महिलाओं को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं मिल रहा है। इसकी निगरानी करेगी। आंगनवाड़ी बहनों को भी 1500 रुपए हर माह फिर से दिया जाएगा। जो कुछ समय से बंद थे।

कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी आश्वासन पत्र, ई-रिक्शा की चाबी, स्व सहायता समूह की महिलाओं को 165 लाख का क्रेडिट लिंकिंग चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया। इसके साथ ही उद्योग विभाग के यंग अचीवर, बाल श्रवण योजना का लाभ लेने वाले हितग्राही, एपीओ का निर्माण करने वाली हितग्राही, आयुष्मान कार्ड योजना के हितग्राही ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। अंत में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना गीत गाने वाली बहनों को सम्मानित किया।

WhatsApp Image 2023 05 11 at 18.34.37

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण विभाग के मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग द्वारा कहा गया है कि आज हर क्षेत्र में चहुमुखी विकास हुआ है। आज 2374 करोड़ की कयामपुर सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया है। इसे चंबल नदी, गांधी सागर जलाशय पर बनाया जा रहा है। यह परियोजना जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सीतामऊ तहसील का ग्राम जवानपुरा में निर्माणाधीन है। इस परियोजना से जिले के 252 ग्रामों की 1 लाख 12 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इससे आसपास के 1 लाख 49 हजार 300 हितग्राही लाभान्वित होंगे। चंबल का पानी हर खेत, हर घर तक पहुंचे। जो सपना था। आज वह पूर्ण हुआ है।

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा कहा गया कि हर पवित्र काम में बहनों की जरूरत होती है। आज महत्वपूर्ण परियोजना प्रदान करके कई वर्षों की साधना आज पूर्ण हुई है। एक समय था जब 2003-4 में 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती थी। लेकिन अब 3 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। पूरे प्रदेश में अब 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है।

सांसद श्री सुधीर गुप्ता द्वारा कहा गया कि मां, बहन, बेटी तीनों का आशीर्वाद लेने का आज अवसर मिला है। चंबल का पानी घरों एवं खेतों तक आया है और वर्षों का सपना पूरा हुआ है।

कार्यक्रम समापन के पश्‍चात मुख्‍यंमत्री ने स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों, मुख्‍यमंत्री जनसेवा मित्र और जन अभियान परिषद के सदस्‍य से मुलाकात कर चर्चा की। मुख्‍यमंत्री लाड़ली बहना योजना में इनके द्वारा किये गए कार्यों के बारे में विस्‍तार से जाना।