Killer Arrested : युवती की दिनदहाड़े हत्या करने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार!

दीपक ने पुलिस पर भी गोलियां चलाई, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी!

1066

Killer Arrested : युवती की दिनदहाड़े हत्या करने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार!

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : बुधवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे बसंत विहार कॉलोनी में हुई पूजा चौहान की हत्या के आरोपी दीपक राठौड़ को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस को जहां आरोपी के होने की जानकारी मिली थी, वहां दबिश दी गई तो दीपक ने पुलिस पर पिस्टल से फायर किए। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। बताया गया कि आरोपी को एक गोली पैर में लगी, इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई थी।

Killer Arrested : युवती की दिनदहाड़े हत्या करने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार!

एसपी मनोज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि देदला फाटक पर पुलिस आरोपी की तलाश में पहुंची थी। यहां उसको समझाइश दी गई, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान आरोपी ने पुलिस के वाहन पर और पुलिसकर्मियों के वाहन पर भी गोली चलाई। वाहन में सीएसपी और टीआई सहित पुलिस बल मौजूद था। हिदायत देने के बाद भी आरोपी नहीं माना। उसने पुलिस वालों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान गोली सीएसपी के वाहन पर भी गोली लगी। पुलिस ने भी अपनी आत्मरक्षा में फायरिंग की जिससे आरोपी घायल हुआ। उसके पैर पर गोली लगी। उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां उसका उपचार जारी है।

क्या हुई थी घटना
इस आरोपी ने बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर पूजा चौहान नामक युवती की हत्या कर दी थी। इसके बाद एसपी ने फरार आरोपी दीपक राठौड़ पर तत्काल 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। प्रशासन ने शाम होते होते आरोपी के सरकारी जमीन पर बने घर पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज कर दिया गया।

इस घटना के बाद पूरे धार शहर में सनसनी फैल गई। इसके बाद तत्काल पुलिस एक्शन में आई और जांच शुरू की। इसमें दीपक राठौड़ नामक व्यक्ति का नाम आया, जिसके खिलाफ युवती ने छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। उसी मामले में उसका न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज होना था। इसके पहले ही युवती को मौत के घाट उतार दिया गया।

परिवार भी घर से फरार
इस घटना का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया था कि युवती की हत्या करने वाला दीपक राठौड़ है, जो घटना के बाद से फरार है। घटना के बाद से ही आरोपी दीपक राठौड़ का परिवार भी अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गया।

घर गिराया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम दीपाश्री गुप्ता ने नगर पालिका अमले के साथ आरोपी का घर, जो शासकीय भूमि पर बनाया गया था, उस पर बुलडोजर चलाकर गिरा दिया। एसडीएम ने बताया की आरोपी दीपक राठौड़ का मकान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था। इस पर कार्रवाई कर बुलडोजर से अवैध मकान को जमींदोज कर दिया गया।