Kisan Mahapanchayat : दिल्ली में आज किसानों की महापंचायत, जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा, कई रास्ते बंद!

524

Kisan Mahapanchayat : दिल्ली में आज किसानों की महापंचायत, जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा, कई रास्ते बंद!

New Delhi : जंतर-मंतर पर आज किसानों की महापंचायत हो रही है। संयुक्त किसान मोर्चे के एक पदाधिकारी अभिमन्यु कोहाड़ ने जानकारी दी, कि किसान कई मुद्दों को लेकर जंतर मंतर पर महापंचायत कर रहे हैं। पर, पुलिस ने किसानों को दिल्ली के अंदर आने के लिए इजाजत नहीं दी! प्रदर्शन के देखते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर गाजीपुर सीमा के पास पुलिस की तरफ से सुरक्षा बढ़ा दी गई। हर आने वाली गाड़ियों की कड़ी चेकिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो लोग किसान दिल्ली आ चुके हैं, वो जंतर मंतर पर जा सकते हैं। तादाद से ज्यादा लोग वहां नहीं जुटेंगे!
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले कई किसान संगठन सरकार की वादाखिलाफी को लेकर आज 11 बजे से 4 बजे तक जंतर मंतर पर धरना देने जुट रहे हैं। आज सुबह साढ़े दस बजे केंद्रीय कृषि मंत्रालय की तरफ से गठित MSP समिति की पहली बैठक होना है। पुलिस ने टिकरी सीमा से किसानों को राजधानी में नहीं आने देने के लिए व्यापक इंतजाम किए है। सीमा पर बैरिकेड और कई थानों की पुलिस लगाई गई।

किसानों ने बुलाई है महापंचायत
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के पीड़ित किसान परिवारों को न्याय दिलाना, जेलों में बंद किसानों की रिहाई कराना, कांड को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी की गिरफ्तारी की मांग महापंचायत के मुद्दों में शामिल हैं। हालांकि, तिकुनिया कांड का मुख्य आरोपी टेनी का बेटा आशीष मिश्रा अभी जेल में बंद है।

किसानों की यह भी मांग है कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के आधार पर MSP गारंटी कानून बनाया जाए। भारत के सभी किसानों की कर्जमाफी, 2022 बिजली बिल रद्द करना। गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने और बकाया राशि का तुरंत भुगतान करने, आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए मुकदमों की वापसी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मुआवजा भुगतान और अग्निपथ योजना आदि मुद्दों को लेकर किसान जुट रहे हैं।

पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से जंतर-मंतर पर महापंचायत को देखते हुए सड़क पर यात्रा करने वाले लोगों से यह अपील की जाती है कि वे पहले से प्लान बना लें, ताकि इन मार्गों पर जाने से बचें। जिन मार्गों पर लोगों को दिक्कत हो सकती है, वो हैं। टॉलस्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ (कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल से विंडसर प्लेस तक), कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, अशोका रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग और पंडित पंत मार्ग।