Kissa-A-IAS:सिरोंज की आयुषी ने ऐसी बदली रणनीति और बनी IAS

409

Kissa-A-IAS:सिरोंज की आयुषी ने ऐसी बदली रणनीति और बनी आईएसएस

लक्ष्य तय हो और इरादे मजबूत हों, तो सफलता को कोई रोक नहीं सकता। कुछ ऐसी ही कहानी है मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के छोटे से कस्बे सिरोंज की आयुषी जैन गुरधानी की। यूपीएससी क्रैक करने की उनकी राह कई मुश्किल पड़ाव से होकर गुजरी। उनके सफर की शुरुआत निराशा और असफलताओं से भरी रही। लेकिन, आयुषी ने अंततः IAS बनकर ही दम लिया। किसी छोटे कस्बे के युवा के लिए बड़ा लक्ष्य पाना आसान नहीं होता, क्योंकि वहां न तो सुविधाएं होती है और न माहौल। आयुषी का सफर भी मुश्किलों और चुनौतियों वाला था। इसके बावजूद इस युवती ने हार नहीं मानी और लगातार जीत की कोशिशों में लगी रही और फिर सफलता पा ही ली।

IMG 20231014 WA0069

इंजीनियरिंग बैक ग्राउंड वाली आयुषी जैन गुरधानी के पिता की किराना दुकान है। उनके दो छोटे भाई-बहन हैं। आयुषी पढ़ाई में बचपन से ही होशियार रही। उन्हें 10वीं में 91.2% और 12वीं में 90.4% मार्क्स आए थे। उन्होंने भोपाल के लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी (LNCT) से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की। जिसमें आयुषी का जीडीपीए 8.68 रहा। बीटेक करने के बाद आयुषी जैन ने दो साल एक कंपनी में डेटा सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर के तौर पर नौकरी की। लेकिन, उन्हें लगा कि ये उसका लक्ष्य नहीं है। क्योंकि, उसे अपने सपनों में सुनहरे रंग जो भरने थे।

IMG 20231014 WA0071

IMG 20231014 WA0074

उन्होंने यूपीएससी परीक्षा क्रेक करके प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया। इसके लिए सबसे पहले तो अपनी नौकरी छोड़ी और एक साल तक दिल्ली में कोचिंग की। 2017 में पहली बार यूपीएससी परीक्षा का प्रीलिम्स दिया। लेकिन, वे यह परीक्षा पास नहीं कर पाई। पहले प्रयास में असफलता के बाद भी आयुषी जैन ने हिम्मत नहीं खोई और अपनी स्ट्रैटेजी में बदलाव किया। इसका फायदा यह हुआ कि 2018 के दूसरे अटेंप्ट में प्रीलिम्स पास कर ली, पर मेंस परीक्षा पास नहीं हो सकी। दो बार की असफलता ने आयुषी को निराश कर दिया, पर उन्होंने हिम्मत बनाए रखी। परिवार ने भी साथ दिया। 2019 में तीसरे अटेंप्ट में प्रीलिम्स पास करने के बाद आयुषी ने ऑप्शनल विषय मैथ्स से बदलकर एंथ्रोपोलॉजी कर लिया।

IMG 20231014 WA0070

विषय बदलने से परफॉर्मेंस और तैयारी में अंतर आया। पहले दो असफल प्रयासों से भी सबक लिया कि कहां और क्या गलती हुई है। इसलिए आयुषी ने पढाई की नई स्ट्रैटेजी बनाई। उनकी न्यूज पेपर रीडिंग हैबिट से यूपीएससी प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू,तीनों में फायदा मिला। साल 2019 में हुई यूपीएससी परीक्षा में वे 41वीं रैंक के साथ पास हुई और IAS ऑफिसर बन गईं।

IMG 20231014 WA0072

यूपीएससी इंटरव्यू में उनसे कोविड लॉक डाउन के पॉजिटिव आउटकम के बारे में सवाल किया गया था! इस पर आयुषी का जवाब था कि हर स्तर पर प्रदूषण में काफी कमी आई है। आयुषी जैन गुरधानी फिलहाल असम के सिबसागर जिले के नजीरा में एसडीओ (सिविल) के पद पर कार्यरत हैं। दिल्ली में पिछले दिनों हुई ‘जी-20 समिट’ में उन्होंने वर्ल्ड बैंक की टीम के साथ लायसन ऑफिसर के तौर पर काम किया।

 

Author profile
Suresh Tiwari
सुरेश तिवारी

MEDIAWALA न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक सुरेश तिवारी मीडिया के क्षेत्र में जाना पहचाना नाम है। वे मध्यप्रदेश् शासन के पूर्व जनसंपर्क संचालक और मध्यप्रदेश माध्यम के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहने के साथ ही एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी और प्रखर मीडिया पर्सन हैं। जनसंपर्क विभाग के कार्यकाल के दौरान श्री तिवारी ने जहां समकालीन पत्रकारों से प्रगाढ़ आत्मीय रिश्ते बनाकर सकारात्मक पत्रकारिता के क्षेत्र में महती भूमिका निभाई, वहीं नए पत्रकारों को तैयार कर उन्हें तराशने का काम भी किया। mediawala.in वैसे तो प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खबरों को तेज गति से प्रस्तुत करती है लेकिन मुख्य फोकस पॉलिटिक्स और ब्यूरोक्रेसी की खबरों पर होता है। मीडियावाला पोर्टल पिछले सालों में सोशल मीडिया के क्षेत्र में न सिर्फ मध्यप्रदेश वरन देश में अपनी विशेष पहचान बनाने में कामयाब रहा है।