‘मोहन’ का ‘कृष्ण पाथेय’ यानि ‘कृष्णमय मध्यप्रदेश’ और ‘मध्यप्रदेशमय कृष्ण’ …

‘मोहन’ का ‘कृष्ण पाथेय’ यानि ‘कृष्णमय मध्यप्रदेश’ और ‘मध्यप्रदेशमय कृष्ण’ …

डॉ. मोहन यादव के मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद कृष्ण से मध्यप्रदेश का पूर्ण साक्षात्कार हो रहा है। अभी तक बस यही लगता था कि कृष्ण ने सांदीपनि आश्रम उज्जैन के गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण की और फिर दूसरी बार मध्यप्रदेश में कदम ही नहीं रखा। शिक्षा की बात भी तब लोगों को याद आती थी, जब एक संदर्भ आता था कि सुदामा को भूख लगी थी और भरी बारिश में कृष्ण ने सुदामा के हिस्से के चने खा लिए थे। और उज्जैन पहुंचे हर श्रद्धालु के मन में कृष्ण की यही लीला उमड़ती घुमड़ती रहती थी। पर डॉ. मोहन यादव ने देश और दुनिया को यह बता दिया है कि कृष्ण ने तन रूप में भले ही मथुरा में जन्म लिया हो, पर कृष्ण का मन मानो मध्यप्रदेश की गलियों में ही रमता था। और यहां पथ-पथ पर कृष्ण की सुगंध बिखरी पड़ी है। और कृष्ण की वह गलियां और पथ-पथ पर कृष्ण की खुशबू से सराबोर होने का सुयोग अब मध्यप्रदेश में भी देश और दुनिया के कृष्ण भक्तों को मिलेगा। यह सब संभव हो रहा है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भागीरथी प्रयासों से। पाथेय का मतलब होता है ‘पथ का सहारा’ और कलियुग में कृष्ण तो हर मानव मन में धूनी रमाए महायोगी की तरह विराजे सबका सहारा बने बैठे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मन में यही भाव है कि मध्यप्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर महायोगी कृष्ण से सबका साक्षात्कार हो सके। और मध्यप्रदेश कृष्ण भक्ति में धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके। इसीलिए मोहन सरकार ने बड़ा फैसला लिया है कि राम वनगमन पथ की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी श्रीकृष्ण पाथेय बनेगा। आज यानि 26 अगस्त 2024 को कृष्ण जन्माष्टमी है, तो ‘कृष्ण पाथेय’ की चर्चा अनिवार्य है। और ”मोहन’ का यह ‘कृष्ण पाथेय’ प्रमाणित करेगा कि ‘कृष्णमय मध्यप्रदेश’ और ‘मध्यप्रदेशमय कृष्ण’ हैं।

राम और कृष्ण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगाध श्रद्धा है। मध्य प्रदेश सरकार एक तरफ राम वनगमन पथ के विकास का काम प्राथमिकता से कर रही है। तो श्री कृष्ण पथ का निर्माण डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता में है। भगवान श्री राम और भगवान कृष्ण की लीला स्थलों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। राम वन गमन और कृष्ण पाथेय सनातन धर्म प्रेमियों को दैहिक, दैविक, आध्यात्मिक और धार्मिक पथ पर लेकर जाएंगे। इससे मध्यप्रदेश से सनातन धर्म की सुगंध पूरी दुनिया में बिखरेगी। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है कि “मध्यप्रदेश सरकार ने भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण से जुड़े प्रदेश के स्थलों के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की है। भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं के स्थलों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। श्री कृष्ण पाथेय मार्ग के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं।”

मध्य प्रदेश सरकार श्री कृष्ण की यात्राओं से संबंधित जिन स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने जा रही है, उनमें उज्जैन में भगवान कृष्ण की शिक्षा, जानापाव में भगवान परशुराम जी द्वारा उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान करना, और धार के पास अमझेरा में रुक्मिणी जी के हरण का पवित्र स्थान शामिल हैं। वैसे मध्य प्रदेश सरकार ने ‘श्री कृष्ण पाथेय’ योजना के तहत भगवान कृष्ण की यात्रा से जुड़े सभी स्थानों को विकसित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही राज्य सरकार भगवान श्री कृष्ण से जुड़े 3,200 से अधिक मंदिरों के संरक्षण पर भी काम कर रही है। इस योजना के तहत सरकार उज्जैन में एक विश्वविद्यालय स्थापित करेगी, जो सांदीपनि गुरुकुल की तर्ज पर होगा। सांदीपनि गुरुकुल वह स्थान है जहां भगवान कृष्ण ने शिक्षा प्राप्त की थी।भगवान कृष्ण 12 वर्ष की आयु में शिक्षा प्राप्त करने के लिए उज्जैन आए थे। श्री कृष्ण पाथेय’ योजना के तहत तैयार किए गए दस्तावेज़ में कहा गया है कि भगवान कृष्ण ने मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र में तीन यात्राएँ कीं। उनकी पहली यात्रा शिक्षा प्राप्त करने के लिए थी, दूसरी मित्रविंदा से विवाह करने के लिए और तीसरी रुक्मणी से विवाह करने के लिए थी।

संस्कृति विभाग ने भगवान कृष्ण से जुड़ी विभिन्न कथाओं का मार्ग-चित्र तैयार कर लिया है और अभी भी और अधिक की पहचान करने के लिए काम कर रहा है। इन का केंद्र उज्जैन ही है।

उज्जैन से द्वारका के बीच भगवान कृष्ण उज्जैन-चंदूखेड़ी, नलवा, चिकली, इंगोरिया, खरसोदखुर्द, मौलाना। बड़नगर: पंचकवास, पितगरा, कटोदिया छोटा, बदनावर, सातरूंडा, लीलीखेड़ी, सेमलखेड़ा, कंबारदा, दोत्र्या, मोहनपुरा, बेगनवर्दी, हिंडोला बावड़ी, डाबड़ी फांटा, सारंगी, साजेलिया, रूपारेल जामली, रायपुरिया, अलस्याखेड़ी, राल्यावन, मोहनकोट, पाडलधाटी, मुंडाल, भमरदा, लोहारिया, बड़ौद, पिपलिया, मसूरिया, बाबड़ी बड़ी, कालाकुंट, कटला, चंदवाना, जालत, दाहोद, गोधरा, राजकोट आदि से होकर गुजरे।

उज्जैन से मथुरा के बीच भगवान कृष्ण ने घाटिया, घोंसला, तनोदिया, आगर, सेमलखेड़ी, सोयत कलां, डोंगरगांव, काली तलाई, रायपुर, डाबल, बोंदा, नारली, नायरा, माधोपुर, झालरापाटन, कोटा, सवाई माधोपुर का मार्ग अपनाया।

उज्जैन से नारायणा गांव के बीच कृष्ण ने जेठल, बांदका, पानबिहार, कालूहेड़ा, अरन्या, नारायणा गांव के पथों पर गमन किया।

उज्जैन से जानापाव के बीच कृष्ण उज्जैन, गोदला, पिपलिया राघो, कोकलाखेड़ी, रामवासा, किठौदा, बड़ोदिया खान, सांवेर, लखमन खेड़ी, तराना, सिलोदा बुजुर्ग, धरमपुरी, रिंगनोदिया, भरसाला, टिगरिया बादशाह, बड़ा बांगदादा, इंदौर: महू, भाटखेड़ी, बंजारी, खंडवा, कल्याणसी खेड़ी , जामनिया, अवलम धवलम, अहिल्यापुरी, मिचोली, कुवली, बड़कुनवां-जानपाव के रास्तों से गुजरे।

उज्जैन से अमझेरा के बीच कृष्ण ने उज्जैन, गोदला, पिपलिया राघो। कोकलाखेड़ी, रामवासा, किठोदा, बड़ोदिया खान, सांवरे, लखमनखेड़ी, तराना, सिलोदा बुर्जुन, राजोदा, धरमपुरी, रिंगनोदिया, भवरासला, टिगरिया बादशाह, इंदौर: मेचल, बेटमा, घाटाबिल्लोद, गुनावदा, उटावद, मगजपुरा, धार, तिरला, माघोद, अमझेरा की राह तय की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरी तरह से कृष्णमय हैं। आजकल वह हर मंच से कृष्ण कथा करते थकते नहीं हैं, जिसमें हर श्रोता का मन रम ही जाता है। और यह सत्य स्थापित होता है कि कृष्ण चाहे श्री कृष्ण बने हों, तो मध्यप्रदेश के बिना संभव नहीं था। कृष्ण चाहे सुदर्शन चक्र धारी बने हों, तो मध्यप्रदेश का ही प्रताप है। कृष्ण चाहे पांचजन्य पाए हों, तो उसकी राह भी मध्यप्रदेश से गुजरती है। यानि मध्यप्रदेश के बिना कृष्ण अधूरे हैं और कृष्ण के बिना मध्यप्रदेश पूर्ण नहीं है। और इसीलिए बिना मध्यप्रदेश आए कोई भी कृष्णभक्त पूर्णता का अनुभव नहीं कर सकता। और अब ‘मोहन’ के प्रयासों से निर्मित होता ‘कृष्ण पाथेय’ सभी कृष्ण भक्तों को भक्ति से लबालब होने में सहारा बनेगा। और यह प्रमाणित करेगा कि कृष्ण मध्यप्रदेशमय हैं तो मध्यप्रदेश कृष्णमय हैं।

तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अब यह साफ हो रहा है कि मध्यप्रदेश जितना राममय रहा है, उतना ही कृष्णमय भी रहा है। और मध्यप्रदेश की माटी में भगवान राम कण-कण में समाए हैं तो भगवान कृष्ण की खुशबू भी मध्यप्रदेश की माटी में कण-कण में समाई है। ‘श्री कृष्ण पाथेय’ के तहत यह स्थान जब विकसित होंगे, तब मध्यप्रदेश की धरा पर भगवान कृष्ण से कृष्णप्रेमी सीधा साक्षात्कार कर सकेंगे। ‘कृष्ण पाथेय’ यानि ह्रदय प्रदेश में पथ-पथ पर बिखरी कृष्ण की खुशबू…सनातन धर्म प्रेमियों को संतुष्टि के सागर में सराबोर कर देगी। और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सनातन धर्म और संस्कृति प्रेमियों को दी गई यह अनुपम भेंट स्‍वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो जाएगी…।

 

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।