
राजधानी में लॉरेंस गैंग का आतंक: भोपाल के कारोबारी को मिली जान से मारने की धमकी, मांगे 10 करोड़ रुपए
भोपाल: राजधानी के कोलार इलाके में रहने वाले एक कारोबारी को लॉरेंस गैंग की तरफ से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में लॉरेंस गैंग के कुख्यात बदमाश हैरी बॉक्सर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विदेशी नंबर से जान से मारने और फिरौती वसूली के लिए कॉल आया है।
पुलिस के अनुसार कोलार रोड स्थित मां पार्वती नगर निवासी कारोबारी गौरव जैन को करीब चार दिन पहले उनके पास एक व्हाट्सएप कॉल आया था। बात करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का हैरी बॉक्सर बताते हुए 10 करोड़ रुपए की डिमांड की थी। कारोबारी ने इस फोन कॉल पर कोई ध्यान नहीं दिया। तीन दिन बाद 20 मार्च को सुबह उनके पास उन्हीं नंबरों से हैरी बॉक्सर ने दोबारा से संपर्क किया और 10 करोड़ रुपए की मांग की। कारोबारी गौरव जैन ने जब उन्हें बताया कि वह उसे किसी प्रकार का कोई पैसा नहीं देंगे, तो उसने बदसलूकी करते हुए धमकी दी कि अब उन्हें जान से खत्म कर दिया जाएगा।
कारोबारी गौरव जैन ने मामले को गंभीरता से लिया और उन्होंने तुरंत ही कोलार थाने जाकर शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में धमकी देने वाले हैरी बॉक्सर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय यह है कि लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने हाल के दिनों में इंदौर के एक कारोबारी को फोन करके 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इतना ही नहीं, इसी गैंग के कुछ गुर्गों ने खरगोन जिले में एक कारोबारी से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी और रुपए नहीं देने पर उनके घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी। बीते कुछ दिन पहले अशोक नगर पुलिस ने इसी गैंग से जुड़े एक बदमाश को गिरफ्तार किया था।





