Laxman Singh will be Expelled from Congress : लक्ष्मण सिंह के कांग्रेस से निष्कासन की तैयारी, पार्टी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं!

पार्टी और पार्टी के नेताओं के खिलाफ अक्सर बयानबाजी, इसे लेकर अब कार्रवाई होगी।

849

Laxman Singh will be Expelled from Congress : लक्ष्मण सिंह के कांग्रेस से निष्कासन की तैयारी, पार्टी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं!

     Bhopal : पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस से निष्कासित करने की पूरी तैयारी हो गई। पार्टी विरोधी बयानबाजी के चलते लक्ष्मण सिंह का निष्कासन होना तय माना जा रहा। पिछले महीने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी, उमर अब्दुल्ला और राबर्ट वाड्रा के खिलाफ भी बयान दिया था। इसके बाद पार्टी ने लक्ष्मण सिंह को नोटिस दिया। लेकिन, पार्टी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में उन्हें कभी भी बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

     कांग्रेस की अनुशासन समिति के अध्यक्ष और सांसद तारिक अनवर ने लक्ष्मण सिंह के बयान को गंभीरता से लेते हुए 9 मई को लक्ष्मण सिंह को नोटिस जारी किया था। उनसे 10 दिन में जवाब देने को कहा गया था। बताया गया कि लक्ष्मण सिंह के भेजे नोटिस का जवाब अनुशासन समिति को मिल चुका है। अनुशासन समिति ने उनके जवाब को असंतोषजनक करार देते हुए उन पर कड़ी कार्रवाई की सिफारिश का मन बना लिया। ऐसे में अनुशासन समिति की अनुशंसा पर लक्ष्मण सिंह का निष्कासन किया जा सकता है।

     यह पहली बार नहीं है जब लक्ष्मण सिंह ने पार्टी और पार्टी नेताओं को लेकर उलजुलूल बयानबाजी की। इससे पहले भी वे कई बार बयान दे चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस के भीतर यह माना जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह के बयानों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है और वे संगठन में बार-बार असहजता का कारण बन रहे हैं।

दिग्विजय सिंह को लेकर भी बयान दे चुके

     वे पार्टी नेताओं को बयान देते रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह को लेकर भी बयान दिया। गुना में पार्टी की हार के बाद लक्ष्मण ने अपने बयान से दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा था। इसके बाद वे कई बार पार्टी नेताओं को लेकर बयान दे चुके हैं। लक्ष्मण सिंह 2003 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। वे 2004 में राजगढ़ सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद रहे। हालांकि, बाद में वे फिर कांग्रेस में लौट आए थे।