Leader Turned Doctor : फ्लाइट में बीमार यात्री का केंद्रीय मंत्री और सांसद ने इलाज किया

दोनों पेशे से डॉक्टर, Air India ने ट्वीट करके जानकारी दी

1191

New Delhi : दिल्ली से औरंगाबाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई। इस यात्री को बेचैनी जैसा महसूस हुआ और बेहोशी छाने लगी। विमान के क्रू ने तत्काल अनाउंस करके यात्रियों में किसी के डॉक्टर होने पर मदद मांगी। संयोग से फ्लाइट में केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद मौजूद थे जिन्होंने तत्काल बीमार यात्री की को प्राथमिक चिकित्सा दी और उसकी मदद की। सहायता मिलने के बाद उस यात्री ने खुद को बेहतर महसूस किया। बीमार की चिकित्सा करने वाले दोनों नेता पेशे से डॉक्टर हैं।
इस घटना की एयर इंडिया ने ट्वीट करके जानकारी दी है। साथ ही दोनों नेताओं की फोटो भी साझा की। फोटो में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ भागवत किशनराव कराड और महाराष्ट्र के धूले से सांसद डॉ सुभाष भामरे यात्री के पास खड़े होकर उसकी मदद कर रहे हैं। यात्री बदहवास हालत में सीट पर लेटा हुआ है। एयर इंडिया के मुताबिक, दिल्ली से उड़ान भरने के बाद यात्री ने घबराहट और बेचैनी की शिकायत की थी। जानकारी मिलने पर क्रू-मेंबर ने तय नियमों के मुताबिक घोषणा की कि उड़ान में मौजूद डॉक्टर से मदद मांगी।
दोनों डॉक्टर नेता फौरन मदद के लिए आगे आए। मेडिकल सहायता के बाद यात्री की तबीयत में सुधार देखा गया और उसने यात्रा पूरी की। क्रू-मेंबर की सूझबूझ और राजनेताओं की मदद से यात्री की ज्यादा तबीयत नहीं बिगड़ सकीय। हाल ही में नई दिल्ली के ताज मानसिंह होटल में एक फोटोग्राफर की तबीयत बिगड़ने पर भी केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ भागवत किशनराव कराड ने उसकी मदद की थी।