

Lieutenant Colonel Missing : सागर के महार रेजीमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल दो दिन से गायब, सुबह पीटी के बाद से कोई खबर नहीं!
Sagar : सागर की महार रेजीमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप कुमार निगम लापता हैं। सेना ने केंट थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लेफ्टिनेंट कर्नल स्तर के अधिकारी का अचानक गायब होना सेना के लिए चिंता की बात है। ये लेफ्टिनेंट कर्नल सोमवार सुबह नियमित पीटी में शामिल हुए। उसके बाद उनका कोई पता नहीं चल रहा।
उसके बाद दिनभर सेना अपने गायब अधिकारी का पता लगाने में जुटी रही। शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सेना की ओर से कैंट थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फिलहाल आर्मी, इंटेलिजेंस और मध्य प्रदेश पुलिस गायब हुए लेफ्टिनेंट कर्नल की तलाश में जुटी है।
कैंट थाने से मिली जानकारी के अनुसार 2 जून सोमवार की शाम को महार रेजीमेंट सेंटर के कुछ अधिकारी-कर्मचारी थाने आए थे। उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम सुबह से गायब हैं। आर्मी के स्टाफ ने कैंट पुलिस थाना में जानकारी दी कि प्रदीप कुमार निगम सुबह साढ़े 6 बजे रोज होने वाली पीटी में उपस्थित थे। उसके बाद उन्हें कहीं नहीं देखा गया। जिन लोगों ने लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम को आखिरी बार देखा, उन सभी ने पीटी की ड्रेस में देखा था। उसके बाद लेफ्टिनेंट कर्नल दिनभर किसी को कहीं नजर नहीं आए हैं। हम लोग भी दिन भर से उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन उनका कोई पता नहीं है।
जबलपुर के रहने वाले हैं लेफ्टिनेंट कर्नल
लेफ्टिनेंट कर्नल के गायब होने के बारे में कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि आर्मी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार रात में थाने में आकर गुमशुदगी दर्ज कराई है। बताया गया है कि जबलपुर के मूल निवासी और महार रेजीमेंट सेंटर सागर में पदस्थ लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप कुमार निगम सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे से लापता हैं। उनके गायब होने पर आर्मी इंटेलिजेंट और मिलिट्री पुलिस ने दिनभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली।
सोमवार शाम को थाना में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस लेफ्टिनेंट कर्नल की तलाश में जुटी है। इसके लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। प्रमुख मार्गों के सीसीटीवी फुटेज इकट्ठे किए जा रहे हैं। इसके अलावा साइबर सेल की मदद से लेफ्टिनेंट कर्नल की तलाश तेज की गई है।