
प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए दुबई की तरह स्पेन यात्रा भी होगी सार्थक: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश के विकास की दृष्टि के उनकी तीन दिवसीय दुबई यात्रा काफी सकारात्मक रही है। जिसका लाभ राज्य सरकार की प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन में स्पष्ट रूप से नजर आएगा। दुबई के साथ व्यापार बढ़ाने के लिए भविष्य में इस प्रकार की और भी यात्राएं संभावित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में दुनिया के कई देशों के साथ मिलकर भारत सरकार कार्य कर रही है, जिसका लाभ मध्य प्रदेश समेत सभी राज्यों को मिल रहा है। प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के विकास की यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए निवेशकों को आकर्षित करने स्पेन पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पेन की राजधानी मैड्रिड में बुधवार को मीडिया को जारी संदेश में दुबई की तरह स्पेन यात्रा में भी बैठक, चर्चा और संवाद से सकारात्मक परिणाम मिलने की आशा व्यक्त की ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पर्यटन, खनन, फूड पार्क, फूड इंडस्ट्री, ऑटो, फॉर्मा, टेक्सटाइल सहित सभी क्षेत्रों के लिए निवेशकों से चर्चा और बैठकें कर रही है। उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। विदेश यात्रा के पहले पड़ाव दुबई में सभी सेक्टर्स में सकारात्मक परिणाम मिले हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफल दुबई यात्रा के लिए अधिकारियों, निवेशकों और प्रवासी भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया।





